
दमिश्क। सीरिया के सरकार नियंत्रित स्वेडा प्रांत में बुधवार को सिलसिलेवार बम हमलों में लगभग 38 लोगों की मौत हो गई और 37 घायल हो गए। इस हिंसा के पीछे आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का हाथ माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि इस्लामिक स्टेट के आत्मघाती बम हमलावरों ने स्वेडा सिटी में खुद को विस्फोटकों के साथ उड़ा लिया।
मशनाक गोलचक्कर के पास हुआ हमला
ऑब्जर्वेटरी ने कहा कि तीन आत्मघाती बम हमलावरों ने स्वेडा सिटी में नजमेह और मशनाक गोलचक्कर के पास किराना बाजार में खुद को उड़ा लिया। सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक एक बम हमलावर ने खुद को बाजार इलाके में उड़ा लिया और दो अन्य को मार गिराया गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि सरकारी बल स्वेडा के पूर्व के ग्रामीण इलाके में आईएस के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।
अभियान को रूसी सेना का समर्थन
सीरियाई सेना ने दक्षिण-पश्चिम के अपने कब्जे से विद्रोहियों को खदेड़ने के लिए हाल में एक अभियान की शुरुआत की है। सीरियाई सेना को रूसी बलों का समर्थन है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि करीब लड़ाई जारी रहने की वजह से क्षेत्र में करीब 27 हजार लोग अपने घर छोड़ चुके हैं। इजरायल ने रविवार को सैकड़ों व्हाइट हेलमेट नागरिक बचाव कार्यकर्ताओं को इलाके से निकासी की अनुमति दी, जो दक्षिणी सीरिया के युद्ध क्षेत्र में फंसे थे। यह इलाका कई सालों से आंतरिक संघर्ष और हमलों का शिकार रहा है। यहां के लाखों लोग दूसरे देशों में पनाह ले चुके हैं। कई बार समंदर पार कर यूरोपीय देशों में जाते समय हादसों का शिकार भी हुए हैं।