ऑटोमोबाइल

Women’s World Cup 2025: महिला वर्ल्ड कप विजेता टीम को टाटा मोटर्स का तोहफा, हर खिलाड़ी को मिलेगी नई Tata Sierra SUV

Women’s World Cup 2025 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम को टाटा मोटर्स बड़ा तोहफा देगी। कंपनी ने घोषणा की है कि हर खिलाड़ी को नई Tata Sierra SUV गिफ्ट की जाएगी।
2 min read
Nov 06, 2025
Women’s World Cup 2025
Women’s World Cup 2025: टाटा मोटर्स महिला वर्ल्ड कप विजेता टीम को गिफ्ट करेगी नई Tata Sierra SUV (Image: Patrika.com)

Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जब इतिहास रचते हुए महिला वर्ल्ड कप 2025 अपने नाम किया तो पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। टीम की इस शानदार जीत पर अब लगातार पुरस्कारों की बारिश हो रही है। बीसीसीआई और अलग-अलग राज्य सरकारों के इनामों के बाद अब देश की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने खिलाड़ियों के लिए एक खास तोहफे की घोषणा की है।

हर खिलाड़ी को मिलेगी नई Tata Sierra SUV

टाटा मोटर्स ने गुरुवार को बताया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हर खिलाड़ी को नई Tata Sierra SUV दी जाएगी। कंपनी ने कहा कि यह गिफ्ट खिलाड़ियों की मेहनत, हिम्मत और देश का नाम रोशन करने के लिए दिया जा रहा है।

कंपनी के बयान में कहा गया, ''टाटा मोटर्स टीम की हिम्मत, समर्पण और देश के लिए उनके योगदान की सराहना करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को Tata Sierra का टॉप मॉडल भेंट करेगी।''

वर्ल्ड कप जीत पर देशभर में जश्न

2 नवंबर को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर महिला वर्ल्ड कप जीत लिया। टीम की जीत में शफाली वर्मा की 87 रनों की शानदार पारी और दीप्ति शर्मा के पांच विकेट ने अहम भूमिका निभाई है। इस जीत के साथ हरमनप्रीत कौर अब कपिल देव (1983) और महेंद्र सिंह धोनी (2011) के बाद तीसरी भारतीय कप्तान बन गई हैं जिन्होंने 50-ओवर वर्ल्ड कप जिताया है।

टाटा मोटर्स के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्र ने कहा कि, ''भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने शानदार खेल से पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। उनकी यह जीत मेहनत, हौसले और आत्मविश्वास की मिसाल है।''

वापस आ रही है भारत की आइकॉनिक कार Tata Sierra

टाटा सिएरा भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास में एक खास नाम है। पहली बार 1991 में लॉन्च हुई यह SUV अपने समय की सबसे पॉपुलर गाड़ियों में से एक थी। अब यह गाड़ी 25 नवंबर 2025 को नई 5-डोर वाली मॉडर्न SUV के रूप में फिर से लॉन्च की जाएगी। कंपनी का कहना है कि खिलाड़ियों को इसका टॉप-एंड मॉडल गिफ्ट किया जाएगा।

इस SUV में ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, लेवल-2 ADAS फीचर्स और पैनोरमिक सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे। कंपनी बाद में इसका 1.5-लीटर टर्बो डीजल इंजन वेरिएंट भी पेश करेगी। इसकी कीमत 13.50 लाख से 24 लाख रुपये एक्स-शोरूम के बीच रखी जा सकती है।

Updated on:
21 Nov 2025 12:26 pm
Published on:
06 Nov 2025 06:32 pm