अयोध्या

‘SIT सच और साजिश दोनों बेनकाब करेगी’, राममंदिर चढ़ावे के विवाद के बीच अयोध्या पहुंचे CM योगी का बड़ा बयान

CM Yogi News: राममंदिर चढ़ावे के विवाद के बीच अयोध्या पहुंचे CM योगी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि SIT सच और साजिश दोनों बेनकाब करेगी।
2 min read
• •
Updated: 19 Jun 2026, 12:27 PM IST
CM Yogi Adityanath
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो- पत्रिका)

CM Yogi News:अयोध्यामें राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथशुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी राम का नाम लेने वालों और कारसेवकों पर गोली चलवाते थे, वही आज रामभक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के दोहरे चरित्र को जनता भली-भांति जानती है।

CM ने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए थे। सुप्रीम कोर्ट में यह तक कहा गया था कि भगवान राम का अस्तित्व ही नहीं है। आज वही लोग अयोध्या और रामभक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं, जो पूरी तरह विरोधाभासी है।

चढ़ावा विवाद पर बोले- अनर्गल टिप्पणियों से बचें

राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सामने आए विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस संबंध में मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी। राम मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसआईटी निष्पक्ष जांच करेगी और दूध का दूध, पानी का पानी करके सच्चाई सामने लाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी पक्षों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी ऐसी टिप्पणी न करे, जिससे करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि SIT सच और साजिश दोनों बेनकाब करेगी।

मां कामाख्या धाम में की पूजा, कई परियोजनाओं का किया लोकार्पण

अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां कामाख्या धाम में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का लोकार्पण किया। साथ ही 1857 की वीरांगना झलकारी बाई की 22 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने करीब 378 करोड़ रुपये की लागत वाली 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

रामायण वैक्स म्यूजियम का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका अयोध्या और गोंडा में करीब आठ घंटे का कार्यक्रम निर्धारित है। शाम छह बजे वह राम कथा पार्क हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

बिना नाम लिए सपा पर हमला, बोले- उनकी सोच कब्रिस्तान तक सीमित

मुख्यमंत्री योगी ने बिना किसी का नाम लिए समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सत्ता में रहने वालों के पास गरीबों के लिए न संवेदना थी और न ही इच्छाशक्ति। उन्होंने सवाल उठाया कि कामाख्या धाम को नगर पंचायत क्यों नहीं बनाया गया और गरीबों को राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं मिलती थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ दलों के लिए सिर्फ परिवार ही सबकुछ है। नौकरी और सुविधाओं का लाभ भी केवल उनके परिवार तक सीमित रहता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कब्रिस्तानों की चारदीवारी से ही फुर्सत नहीं थी, वे वीरांगना झलकारी बाई जैसी महान विभूतियों के सम्मान के बारे में क्या सोचते। उनकी सोच कब्रिस्तान तक ही सीमित थी।