
Amitabh Bachchan Ayodhya Property: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन पिछले कुछ सालों से अयोध्या में लगातार रियल एस्टेट निवेश को लेकर चर्चा में हैं। राम मंदिर निर्माण और उसके बाद शहर में बढ़ती निवेश संभावनाओं के बीच बिग बी ने यहां एक के बाद एक कई जमीनों में निवेश किया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में रियल एस्टेट कारोबारी अभिनंदन लोढ़ा ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया, जिसके बाद एक बार फिर यह सवाल चर्चा में आ गया कि आखिर अयोध्या में बिग बी के नाम कितनी प्रॉपर्टी है।
'द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा' (HoABL) के फाउंडर और चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने एक निजी चैनल से से बातचीत में बताया कि अमिताभ बच्चन ने उन्हें खुद फोन किया था। बातचीत के दौरान बिग बी ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश से हैं और अयोध्या में जमीन खरीदना चाहते हैं। लोढ़ा के मुताबिक, कीमत बताने के तुरंत बाद अमिताभ बच्चन ने करीब 15 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद दोनों के बीच अयोध्या में निवेश की शुरुआत हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिताभ बच्चन अयोध्या में जमीन खरीदने वाले शुरुआती बड़े फिल्मी सितारों में शामिल हैं। उन्होंने साल 2024 में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले 'द सरयू' परियोजना में करीब 10,000 वर्ग फुट का पहला प्लॉट खरीदा था। इस जमीन की कीमत करीब 14.5 करोड़ रुपये बताई गई थी। इसी खरीद के साथ अयोध्या में उनके निवेश का सफर शुरू हुआ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद 16 जनवरी 2025 को अमिताभ बच्चन ने हवेली अवध नाम की रिहायशी परियोजना में एक और प्लॉट खरीदा। इस सौदे की अनुमानित कीमत 4.54 करोड़ रुपये बताई गई थी। यह खरीद उनके अयोध्या पोर्टफोलियो का दूसरा बड़ा निजी निवेश मानी जाती है।
रिपोर्ट्स की माने तो, मई 2025 में बिग बी ने करीब 25,000 वर्ग फुट का एक और भूखंड खरीदा। यह जमीन भी 'द सरयू' परियोजना के पास स्थित है और इसकी कीमत करीब 40 करोड़ रुपये बताई गई। इस निवेश के साथ अयोध्या में उनकी लग्जरी रियल एस्टेट हिस्सेदारी और मजबूत हो गई।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद अमिताभ बच्चन ने एक और महत्वपूर्ण जमीन खरीदी, जिसे हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट के नाम पर पंजीकृत कराया गया। यह भूखंड करीब 54,454 वर्ग फुट क्षेत्रफल का है और राम मंदिर से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बच्चन परिवार से जुड़ा अयोध्या का दूसरा बड़ा निवेश माना जाता है।
इसके बाद मार्च 2026 में अमिताभ बच्चन ने अयोध्या के तिहुरा माझा इलाके में 2.67 एकड़ जमीन खरीदी। इस सौदे की कीमत करीब 35 करोड़ रुपये बताई गई। यह जमीन भी हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा की परियोजना के नजदीक स्थित है और इसे उनके अब तक के सबसे बड़े निवेशों में गिना जाता है।