अयोध्या

राम मंदिर जमीन घोटाले पर फिर गरजे संजय सिंह, SIT को सौंपे 11 दस्तावेज; पूछा- अब तक कार्रवाई क्यों नहीं?

Ayodhya Ram Mandir Land Scam: अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन घोटाले और चढ़ावे में अनियमितताओं के मामले में AAP सांसद संजय सिंह ने SIT को 11 अहम दस्तावेज सौंपे। उन्होंने जांच की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इतने सबूत सामने आने के बावजूद अब तक न एफआईआर दर्ज हुई और न कोई गिरफ्तारी हुई।
2 min read
Jun 25, 2026
आम आदमी पार्टी राज्यसभा सांसद संजय सिंह फोटो सोर्स X अकाउंट
आम आदमी पार्टी राज्यसभा सांसद संजय सिंह फोटो सोर्स X अकाउंट

SIT Investigation Ayodhya: अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन घोटाले और चढ़ावे में गड़बड़ी के मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। गुरुवार को उन्होंने लखनऊ पहुंचकर एसआईटी को 11 अहम दस्तावेज सौंपे। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने सबूत सामने आने के बावजूद अब तक किसी के खिलाफ एफआईआर या गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है।

अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन घोटाले और चढ़ावे में अनियमितताओं के मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को गुरुवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंपे। इस दौरान उन्होंने जांच की धीमी प्रगति पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। संजय सिंह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ स्थित एसआईटी अध्यक्ष विजय विश्वास पंत के कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने जांच से संबंधित दस्तावेज अधिकारियों को उपलब्ध कराए। करीब 12 मिनट तक चली मुलाकात के बाद बाहर निकलकर उन्होंने मीडिया से बातचीत की।

एसआईटी को सौंपे 11 दस्तावेज

संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने राम मंदिर से जुड़े जमीन घोटाले के 11 दस्तावेज एसआईटी को सौंपे हैं। उनका कहना है कि इन दस्तावेजों में ऐसे तथ्य मौजूद हैं। जो जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसी इन साक्ष्यों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।

अभी नहीं दर्ज हुई एफआईआर

मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य पहले ही सामने आ चुके हैं। उनके अनुसार चढ़ावे में कथित गड़बड़ी से जुड़े साक्ष्य मिलने और धनराशि की बरामदगी की बातें भी सामने आई हैं। इसके बावजूद अभी तक किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई। और न ही कोई एफआईआर दर्ज की गई है।

अब सभी की नजर SIT की कार्रवाई

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब जांच के दौरान इतने तथ्य सामने आ रहे हैं तो कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी संजय सिंह ने दावा किया था कि उनके पास अयोध्या में जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े कथित घोटाले के प्रमाण मौजूद हैं। इसी दावे के बाद एसआईटी प्रमुख ने उन्हें उपलब्ध साक्ष्यों के साथ पेश होने के लिए कहा था। अब दस्तावेज सौंपे जाने के बाद मामले की जांच और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल सभी की नजर एसआईटी की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।