
अखिलेश यादव पर संजय निषाद का हमला (photo- x@ians)
UP Politics News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है। संजय निषाद ने अखिलेश यादव का अयोध्या में स्वागत तो किया लेकिन साथ ही उन्हें एक नसीहत भी दे डाली। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश के आरोपों पर कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते सरकार पर आरोप लगाना और सवाल पूछना उनकी भूमिका का अहम हिस्सा है।
अखिलेश यादव के आगामी अयोध्या दौरे को लेकर मंत्री संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, "भले ही देर से सही लेकिन, वह अखिलेश यादव का अयोध्या में खुले दिल से स्वागत करते हैं। संजय निषाद ने सपा प्रमुख को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें राम मंदिर जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन जरूर करने चाहिए।" निषाद ने कहा कि रामलला के साथ वहां भगवान निषादराज की प्रतिमा भी स्थापित है। संजय निषाद ने कहा कि अखिलेश यादव को मंदिर जाकर अपनी पिछली गलतियों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा राज्य सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी संजय निषाद ने बेबाकी से अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, "विपक्ष के नेता होने के नाते सरकार पर आरोप लगाना और सवाल पूछना उनकी भूमिका का अहम हिस्सा है। सरकार की आलोचना और जांच बिल्कुल होनी चाहिए।" लेकिन निषाद ने स्पष्ट किया कि अखिलेश यादव सरकार पर जितने ज्यादा आरोप लगाएंगे, 2017 से पहले और 2017 के बाद की स्थिति की उतनी ही अधिक तुलना की जाएगी। निषाद ने कहा कि चाहे वह रोजगार देने का मुद्दा हो, भर्ती आयोग की पारदर्शिता की बात हो या फिर प्रदेश की कानून व्यवस्था हो, हर मोर्चे पर 2017 से पहले और 2017 के बाद का अंतर जनता को साफ दिखाई देगा।
सपा प्रमुख ने विधान परिषद चुनाव के लिए उतारे गए उम्मीदवारों का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार किया था। अखिलेश ने कहा कि, "मौजूदा सरकार के शासन में पूरी शिक्षा और परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से चरमरा गई है...बर्बाद हो चुकी है। साथ ही अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों में प्रदेश के अंदर सबसे ज्यादा पेपर लीक की घटनाएं इसी सरकार में हुई हैं जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक पूरी व्यवस्था को इस सरकार ने पूरी तरह से चौपट कर दिया है।" अखिलेश यादव ने शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
03 Oct 2026 06:11 pm
Published on:
03 Oct 2026 05:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
