अयोध्या

Ram Mandir: इकबाल अंसारी ने SC के फैसले का किया स्वागत, बोले- ट्रस्ट में बदलाव से नए लोग आएंगे, अच्छे लोगों की भर्ती करें

Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case Update: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट का फैसला सर्वमान्य है; अगर अदालत ने जो कहा है वह सही है, तो हम उसका सम्मान करते हैं…”
2 min read
Jul 22, 2026
Ram Mandir Theft Case, Ram Mandir Chori News
राम मंदिर चोरी पर इकबाल अंसारी ने कही बड़ी बात | फोटो सोर्स- IANS

Iqbal Ansari Statement On Ram Mandir: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से नई SIT के गठन के आदेश के बाद अयोध्या में सरगर्मी तेज हो गई है। अब इस मामले पर बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि विवाद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इकबाल अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि देश का हर नागरिक और रामभक्त न्यायालय के आदेश का सम्मान कर रहा है। अगर अदालत ने जो कहा है वह सही है, तो हम उसका सम्मान करते हैं।

'सुप्रीम कोर्ट का फैसला देश का कानून'

इकबाल अंसारी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला हमारे देश का कानून और व्यवस्था है, लोग सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन कर रहे हैं और हमेशा करते रहेंगे… सर्वोच्च न्यायालय ने पुनर्जांच का आदेश दिया है। अदालत के फैसले का अयोध्या के संतों, स्थानीय निवासियों और सभी रामभक्तों ने खुले दिल से सम्मान किया है।"

चोरी करना बिल्कुल गलत

अंसारी ने राम मंदिर ट्रस्ट में होने वाले संभावित बदलावों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की परंपराएं ऐसी हैं कि यहां जो भी काम होता है वह हमेशा अच्छा होता है क्योंकि यह धार्मिक शहर है। ट्रस्ट में कुछ बदलाव और नए लोगों के आने की संभावना है। ट्रस्ट में अच्छे लोगों को भर्ती किया जाए, उन्हें इसमें रखा जाए। चढ़ावा चोरी की घटना पर नाराजगी जताते हुए अंसारी ने कहा कि श्रद्धालु भगवान के दरबार में बेहतर व्यवस्थाओं के लिए अपनी श्रद्धा से दान देते हैं। लेकिन जो लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए इसमें चोरी करते हैं वह पूरी तरह से गलत और निंदनीय है।

आज होगी ट्रस्ट की अहम बैठक

आपको बता दें कि राम मंदिर दान चोरी के गंभीर आरोपों की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को एक नई SIT बनाने की संभावनाएं तलाशने का कड़ा सुझाव दिया है। इसी बीच अयोध्या में आज (22 जुलाई) श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक भी होने जा रही है।

माना जा रहा है कि इस बैठक में सिर्फ नए पदाधिकारियों के चयन पर ही नहीं, बल्कि मंदिर की सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और भविष्य की व्यवस्थाओं को लेकर भी कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। ट्रस्ट की बैठक मणिरामदास जी की छावनी में शाम 4 बजे होगी। इससे पहले दोपहर 3 बजे विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें ट्रस्ट के खाली पड़े पदों पर नए सदस्यों के नामों पर चर्चा होगी। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास करेंगे।