UP Political News: सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने आजम खान को पार्टी में सम्मान के साथ शामिल होने का आमंत्रण दिया है। साथ ही बिहार में 153 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति का ऐलान किया भी किया।
UP Political News Hindi: सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने बलिया में सोमवार को आयोजित पार्टी कार्यक्रम में ऐलान किया कि यूपी को आजम खान जैसे जन नेता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “पिताजी के ठीक होते ही हम रामपुर जाकर उनसे मुलाकात करना चाहते हैं। अगर वे हमारी पार्टी में आना चाहें तो उन्हें बहुत सम्मान मिलेगा। ऐसे नेताओं का बायकॉट नहीं करना चाहिए।”
अरविंद राजभर ने बताया कि सुभासपा बिहार में 153 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और पार्टी मंगलवार को पटना में प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि अगर एनडीए नहीं चाहता कि सुभासपा बिहार में एंट्री करे तो हम अकेले चुनाव लड़ेंगे। उनका कहना था कि पार्टी ने पहले भी अकेले चुनाव लड़ा है और वोट हासिल किए हैं।
अरविंद ने बताया कि जब आजम खान जेल में थे, तब सपा प्रमुख अखिलेश यादव को कोई चिंता नहीं थी। “अखिलेश ने कहा था कि उन्हें साइडलाइन करना है। उनका स्टेटमेंट था कि आजम मुस्लिम वोट के लिए सिरदर्द बन गए हैं। जेल से बाहर आने के बाद उनके घर जाना केवल दिखावा था। आजम का मन सपा से भर गया है और उन्होंने मायावती के पक्ष में बयान दिया।”
बिहार में चुनाव लड़ने के सवाल पर अरविंद ने कहा कि सुभासपा अकेले चुनाव लड़कर यह साबित करेगी कि एनडीए से गलती हुई। उन्होंने कहा कि जैसे ही अन्य पार्टियां अपने उम्मीदवारों का ऐलान करेंगी, हम भी बड़े चेहरे मैदान में उतारेंगे। इसके लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा और तेज प्रताप यादव के दल से बातचीत चल रही है।
अरविंद राजभर ने कहा, “एक हाथ से ताली नहीं बजती। हमारे अकेले चुनाव लड़ने से इंडिया गठबंधन और NDA दोनों को नुकसान हो सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि सुभासपा के पास 500 वोट होने की बात करने वालों को भविष्य में परिणाम खुद दिखा देंगे।
अरविंद ने दोहराया कि सुभासपा बिहार में अपने एजेंडे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि RJD, JDU, LJP और बीजेपी के कई नेता सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सुभासपा को सीटें देने की वकालत की थी, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो पाया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने कहा कि NDA से एक भी सीट नहीं मिलने पर वे बिहार में 153 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में प्रजापति, राजभर और राजबंशी जातियों की आबादी 20 से लेकर 80,000 वोटों की है।
सपा नेता आजम खान 23 सितंबर को 23 महीने की जेल यात्रा के बाद सीतापुर जेल से रिहा हुए। हाईकोर्ट ने उन्हें बीयर बार कब्जे से जुड़े केस में जमानत दी थी। रिहाई के तुरंत बाद पुलिस ने शत्रु संपत्ति मामले में नई धाराएं जोड़ीं। 8 अक्टूबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर पहुंचकर आजम खान से मुलाकात की और 11 अक्टूबर को स्वामी प्रसाद मौर्य ने उनसे मुलाकात की।