बालोद

Road Accident: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी भीषण टक्कर, 2 युवकों की गई जान… साल 2025 में 201 की मौत

Road Accident: बालोद जिले में रविवार की रात डौंडी नगर के कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इसमें डौंडी नगर के दो युवकों की मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Dec 16, 2025
Road accident
Demo pic

Road Accident: बालोद जिले में रविवार की रात डौंडी नगर के कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इसमें डौंडी नगर के दो युवकों की मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से मृतकों के घर व मोहल्ले में भी मातम पसरा है। घटना इतनी भीषण थी कि कार के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए और युवक उसमें फंस गए। कार को कटर से काटकर उन्हें बाहर निकाला गया।

कार में डौंडी निवासी आकाश बोरकर(24), आशु नायक (22), सूर्यकान्त एवं रितेश सवार थे। इसमें आकाश व आशु की मौत हो गई। शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौपा गया। स्थानीय मुक्तिधाम अंतिम संस्कार किया गया।

इस साल 502 सडक़ दुर्घटनाओं में 201 लोगों की मौत

इस साल जनवरी से 15 दिसंबर तक कुल 502 सडक़ दुर्घटनाएं हुईं। इसमें कुल 201 लोगों की मौत हुई और 567 लोग घायल हुए हैं। यह आंकड़े बीते साल की सडक़ दुर्घटनाओं से ज्यादा है। लगातार बढ़ती सडक़ दुर्घटना चिंता का कारण है। वाहन चालक यातायात नियम को छोड़ अपनी मनमर्जी से वाहन चलाते हैं। इसी कारण तेज रफ्तार एवं शराब के नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना हो रही है।

माह - दुर्घटना - मौत - घायल

जनवरी - 38 - 13 - 69
फरवरी - 26 - 12 - 27
मार्च - 50 - 29 - 68
अप्रैल - 45 - 17 - 57
मई - 55 - 24 - 53
जून - 46 - 12 - 47
जुलाई - 42 - 09 - 47
अगस्त - 43 - 17 - 35
सितंबर - 30 - 06 - 61
अक्टूबर - 45 - 19 - 38
नवंबर - 48 - 13 - 50
15 दिसंबर तक - 20 - 05 - 15

कुल - 502 - 201 - 567

कार से चार दोस्त के साथ गए थे ढाबा

चारों दोस्त शाम को दल्लीराजहरा के ढाबा गए थे। वहां से लौटते समय दुर्घटना हो गई। डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रक भानुप्रताप मार्ग से आ रहा था और कार में सवार चारों युवक दल्लीराजहरा मार्ग से डौंडी गए थे।

सडक़ पर सावधानी से चलाएं वाहन

जिला यातायात विभाग लगातार वाहन चालकों को जागरूक कर रहा है। स्कूल एवं कॉलेजों में भी लगातार जगरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद भी लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं। यातायात पुलिस ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई जारी

लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। यातायात नियमों के तहत वाहन चलाने की सलाह दी जा रही है। - रविशंकर पांडेय, जिला यातायात प्रभारी बालोद

Updated on:
16 Dec 2025 01:48 pm
Published on:
16 Dec 2025 01:48 pm