बांसवाड़ा

Banswara Crime : बुखार आया था तो ‘झोलाछाप’ के पास गई, उसने किया ऐसा काम, विवाहिता की हो गई मौत

Banswara Crime : बांसवाड़ा के आनंदपुरी क्षेत्र के कानेला गांव में एक विवाहिता की ‘झोलाछाप’ के उपचार के दौरान मौत हो गई।

2 min read
कानेला गांव में झोलाछाप का क्लिनिक, एमजी अस्पताल में बिलखते परिजन। पत्रि​का फोटो

Banswara Crime : बांसवाड़ा के आनंदपुरी क्षेत्र के कानेला गांव में एक विवाहिता की ‘झोलाछाप’ के उपचार के दौरान मौत हो गई। विवाहिता बुखार आने के बाद सास के साथ झोलाछाप के पास गई थी। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप ने एक इंजेक्शन लगाया इसके कुछ मिनट में विवाहिता की तबीयत खराब हो गई। उसे पहले आनंदपुरी फिर एमजी अस्पताल लाया गया। यहां पर डॉक्टर ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें

भंवरी देवी अपहरण और हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में, हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद बेटे-बेटियों के पेंशन में कौन अटका रहा रोड़ा?

सास-बहू दोनों झोलाछाप के पास गईं

एमजी अस्पताल में कानेला निवासी प्रकाश ने बताया कि उसकी बेटे की पत्नी दीपिका को 2 दिन से बुखार आ रहा था। उसने अपनी पत्नी को उपचार के लिए कहा कि गांव में जो अशोक ‘डॉक्टर’ है उसको पास ले जाओ। इस पर सास-बहू दोनों गांव में ही झोलाछाप अशोक के पास गई। यहां पर अशोक ने जांच के बाद दीपिका को एक इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ मिनट में ही दीपिका पत्नी कपिल की तबीयत बिगड़ गई।

डॉक्टर ने दीपिका को मृत घोषित किया

इस पर आरोपी झोलाछाप डाक्टर ने अपने बेटे को कार लेकर क्लिनिक पर बुलाया और दीपिका को आनंदपुरी ले गए। इधर, प्रकाश को घर पर जानकारी हुई तो वह बाइक से आनंदपुरी पहुंचा। तब तक आनंदपुरी से दीपिका को एमजी अस्पताल भेज दिया गया। यहां पहुंचने पर आरोपी झोलाछाप स्वयं मौके से भाग निकला। इधर, डॉक्टर ने दीपिका को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति कपिल ने बताया कि उसकी शादी 3 माह पहले हुई है। उसका ससुराल सलूबर के निकट है।

आरोपी बीसीएमओ का काका

इधर, जानकारी मिली है कि अशोक डामोर स्वयं को रिटायर डॉक्टर बताता था। जबकि रिश्ते में वह बीसीएमओ डॉ. देवेंद्र डामोर का काका बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में एक व्यक्ति के स्किन की बीमारी हो गई थी। उसने भी डामोर से उपचार कराया था और उसी दौरान उसकी मौत हो गई।

…और फोन काट दिया

पत्रिका संवाददाता ने अशोक डामोर से चिकित्सकीय डिग्री के बारे में पूछा तो उसने मना कर दिया कि उसके पास कोई डिग्री नहीं है। साथ ही उसके उपचार से महिला की मौत की बात कही तो उसने तुरंत फोन काट दिया। इधर, बीसीएमओ डॉ. देवेंद्र डामोर ने बताया कि वह इस समय जयपुर में हैं। इसलिए घटना के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं है।

पुलिस ने लगाई दौड़

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद आनंदपुरी फिर एमजी अस्पताल पहुंची। हालांकि पुलिस ने बताया कि उनको अभी तक किसी ने रिपोर्ट नहीं दी है।

मौके पर भेजी टीम, आज पीएम

घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर भेज दी गई हैं। उच्चाधिकारियों को भी सूचना दे दी है। पीहर पक्ष के आने पर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
कपिल पाटीदार, सीआई, आनंदपुरी

ये भी पढ़ें

बांसवाड़ा में बेखौफ शराब कारोबारी, बोतल पर क्वार्टर फ्री, शराबियों की मौज, आबकारी अधिकारी मौन

Published on:
13 Sept 2025 02:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर