
Barabanki Crime News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शादी के महज डेढ़ महीने बाद बच्चे के जन्म का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के 10 दिन बाद पति काम के सिलसिले में गुजरात चला गया था। इसी दौरान परिवार को पत्नी के गर्भवती होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों को पुलिस ने सुबेहा थाने बुलाया था। इसी दौरान मंदिर के पास महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। अब पति ने पत्नी के प्रेम प्रसंग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र में युवक और युवती की शादी 20 जून को हुई थी। शादी के करीब 10 दिन बाद युवक काम के सिलसिले में गुजरात चला गया। इसी दौरान परिवार के लोगों ने उसे फोन कर पत्नी के गर्भवती होने की जानकारी दी। पत्नी के गर्भवती होने की बात सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों पक्षों को सुबेहा थाने बुलाया गया। इसी दौरान मंदिर के पास युवती ने बच्चे को जन्म दे दिया। महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने और डिलीवरी होने के बाद पुलिस ने जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां से दोनों को जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष आईजीआरएस शिकायत के सिलसिले में थाने आए थे। इसी दौरान महिला ने बच्चे को जन्म दिया। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर पति और पत्नी की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। इसी वजह से विवाद की असल वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
गुजरात से वापस लौटने के बाद युवक ने मामले की जानकारी जुटाई। उसका दावा है कि उसकी पत्नी का गांव के ही बबलू नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था। युवक के मुताबिक, विवाद के दौरान उसकी पत्नी ने भी इस रिश्ते को स्वीकार किया था। दूसरी ओर, युवती ने इस आरोप से अलग कहानी बताई है। महिला का कहना है कि एक दिन शौच के दौरान बबलू ने उसके साथ जबरदस्ती की थी। उसने लोकलाज के डर से यह बात किसी को नहीं बताई।
मामले में युवती के एक बयान के बाद विवाद और पेचीदा हो गया। महिला का कहना है कि उसके गर्भवती होने की जानकारी उसके ससुराल वालों को पहले से थी। इस बयान के बाद पति के उस दावे पर सवाल उठ रहे हैं कि उसे शादी के करीब डेढ़ महीने बाद पत्नी की गर्भावस्था के बारे में पता चला। अब पुलिस जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि गर्भावस्था की जानकारी परिवार को कब हुई थी।
पति ने बबलू पर आरोप लगाया है कि वह 40-50 हजार रुपये देकर मामला शांत करने की बात कह रहा था। पति का यह भी आरोप है कि बबलू सात साल तक बच्चे की परवरिश करने की बात कह रहा था। पति ने पुलिस पर भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।