
Marudhar Express Fire: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार देर रात मरुधर एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। सैदखानपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के एक जनरल कोच के पहिए जाम होने की वजह से अचानक भीषण धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। चलती ट्रेन में आग देखकर यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और अपनी जान बचाने के लिए लोग ट्रेन से नीचे कूदने लगे। गनीमत यह रही कि रेलवे कर्मचारियों ने सही समय पर आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
यह घटना रविवार देर रात करीब 1:00 बजे की है, जब मरुधर एक्सप्रेस बाराबंकी की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही ट्रेन सैदखानपुर स्टेशन के पास पहुंची, उसके जनरल कोच-3 के नीचे से चिंगारियां और काला धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते पहियों के पास आग लग गई। स्टेशन मास्टर रफीक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट किया और आपातकालीन स्थिति में ट्रेन को सैदखानपुर स्टेशन पर ही रोक दिया गया।
आधी रात को अचानक ट्रेन में आग की खबर से बोगी के अंदर बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई। आग लगने की खबर से बोगी के अंदर भगदड़ मच गई और लोग खिड़की-दरवाजों से नीचे कूदने लगे।
स्टेशन मास्टर रफीक ने बताया कि यह हादसा 'ब्रेक बाइंडिंग' की वजह से हुआ। इसका मतलब है कि ट्रेन के ब्रेक पहियों से बुरी तरह चिपक गए थे। पहिए जाम होने के बाद भी जब ट्रेन चलती रही, तो रगड़ खाने की वजह से वहां तेज गर्मी पैदा हो गई और आग लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और रेलवे की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंच गई। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को बुझाया और जाम हुए पहियों को ठीक किया। इस पूरी कवायद के दौरान ट्रेन करीब 42 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। सुरक्षा की पूरी जांच और मरम्मत के बाद ही ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना किया गया।
राहत की बात यह रही कि रेलवे प्रशासन के त्वरित एक्शन के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और इस घटना में किसी भी यात्री के जोखिम होने की खबर नहीं है।