बरेली

वार्ड बॉय को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला ‘चूचू’ कानपुर के होटल माय चॉइस से गिरफ्तार, कबूला ये सच

bareilly जिला अस्पताल के वार्ड बॉय प्रदीप कुमार की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सुधीर कुमार उर्फ चूचू को कोतवाली पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार कर लिया। सुसाइड नोट में खुद को मौत का जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

2 min read
Jun 12, 2026
up news
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

bareilly news: जिला अस्पताल के वार्ड बॉय प्रदीप कुमार की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सुधीर कुमार उर्फ चूचू को कोतवाली पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार कर लिया। प्रदीप कुमार आत्महत्या मामले में मिले सुसाइड नोट में चूचू को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला बताया गया था। तभी से आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी और गोपनीय सूचना के आधार पर कानपुर रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

15 मई 2026 को जिला अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय प्रदीप कुमार ने ड्यूटी के दौरान आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मौके से बरामद सुसाइड नोट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया था। नोट में प्रदीप कुमार ने बानखाना निवासी सुधीर कुमार उर्फ चूचू पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा था कि करीब दस वर्ष पूर्व लिए गए रुपये के बदले वह लगातार मानसिक उत्पीड़न, धमकियां और अवैध वसूली कर रहा था।

मृतक की बेटी मानसी शर्मा की तहरीर पर थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 236/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों का आरोप है कि करीब 30 लाख रुपये से अधिक की वसूली किए जाने के बावजूद आरोपी लगातार दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर प्रदीप कुमार ने आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस ने बचने को बदल रहा था ठिकाने

मुकदमा दर्ज होने के बाद से सुधीर उर्फ चूचू फरार चल रहा था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। इस बीच कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कानपुर में छिपा हुआ है। जांच में उसकी लोकेशन कानपुर रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने होटल "माय चॉइस" में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था और कानपुर में छिपकर रह रहा था।

कोर्ट में पेश करने के बाद भेजा जेल

कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी चूचू के खिलाफ पहले ही न्यायालय से एनबीडब्ल्यू वारंट भी जारी किया जा चुका था। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Published on:
12 Jun 2026 06:23 pm