
Bemetara: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला गरमा गया है। वार्ड क्रमांक 08 की भाजपा पार्षद चांदनी रोशन दत्ता अपनी महज 13 दिन की नवजात बच्ची को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठ गई हैं। पार्षद ने नेशनल हाईवे-30 से लगी करोड़ों रुपये की बेशकीमती शासकीय जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस मामले में दो बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब उन्होंने अतिक्रमण हटने तक अनशन जारी रखने का ऐलान किया है।
दरअसल, बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 की पार्षद चांदनी रोशन दत्ता ने दौलत राजपूत, नीरज चांडक और अवधेश विश्वकर्मा पर नेशनल हाईवे-30 से लगी शासकीय जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। पार्षद के मुताबिक, सड़क से लगी इस जमीन की कीमत करोड़ों रुपये है। उन्होंने दावा किया है कि जमीन के सरकारी होने से संबंधित दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं।
पार्षद चांदनी रोशन दत्ता का कहना है कि उन्होंने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में पहले भी दो बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की कथित अनदेखी से नाराज होकर उन्होंने नगर पालिका कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। इस दौरान वह अपनी 13 दिन की नवजात बच्ची को भी साथ लेकर बैठी हैं।
पार्षद ने मांग की है कि नेशनल हाईवे-30 से लगी शासकीय जमीन पर किए गए कथित अवैध निर्माण और बनाई गई दीवारों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।
इस पूरे मामले में फिलहाल नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि पार्षद के आमरण अनशन और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के आरोपों को लेकर प्रशासन क्या कदम उठाता है और मामले में कार्रवाई कब तक होती है।