भारत

‘पार्टी के नेता गायब, हटाया गया उपनेता मौजूद,’ राघव चड्ढा ने राज्यसभा में अपनी ही पार्टी पर कसा तंज

Raghav Chadha remark: राज्यसभा में राघव चड्ढा के बयान ने सबका ध्यान खींच लिया, जब उन्होंने इशारों में अपनी ही पार्टी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़े नेता सदन में नहीं हैं, लेकिन हटाए जाने के बाद भी वह मौजूद हैं।
2 min read
Apr 17, 2026
raghav chadha
राघव चड्ढा

Raghav Chadha remark: आम आदमी पार्टी (AAP) के अंदर चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में बोलते हुए अपनी ही पार्टी पर तीखा तंज कस दिया। शुक्रवार को राज्यसभा में उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह के सम्मान कार्यक्रम के दौरान चड्ढा ने कहा कि उनकी पार्टी के प्रमुख नेता सदन में मौजूद नहीं हैं, लेकिन जिसे हाल ही में हटाया गया है, वह यहां मौजूद है। इस बयान ने आप के अंदरूनी मतभेदों को और हाइलाइट कर दिया है।

राघव चड्ढा का बयान

राज्यसभा में बोलते हुए राघव चड्ढा ने कहा, “जिस पार्टी से मैं आता हूं, उसके नेता सदन में मौजूद नहीं हैं।” उन्होंने इशारे में संजय सिंह और नए उपनेता अशोक कुमार मित्तल का जिक्र किया। चड्ढा ने आगे कहा, “मैं हाल ही में हटाया गया उपनेता हूं, लेकिन मैं सदन में मौजूद हूं।” उनका यह बयान साफ तौर पर पार्टी नेतृत्व पर तंज माना जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को बधाई दी और कहा कि अब तक उनका रिश्ता खट्टा-मीठा रहा है, लेकिन उम्मीद है कि आगे यह और बेहतर होगा। आगे उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भविष्य में बोलने के लिए एक-दो मिनट ज्यादा समय मिलने की उम्मीद है।

अंदरूनी मतभेद की वजह

हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया और उनकी जगह अशोक कुमार मित्तल को नियुक्त कर दिया। यह फैसला 2 अप्रैल को लिया गया था। इसके बाद से ही पार्टी और चड्ढा के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया। चड्ढा ने सोशल मीडिया पर भी इशारों में अपनी बात रखी। उन्होंने The 48 Laws of Power का जिक्र करते हुए लिखा, “कभी भी अपने गुरु से आगे न निकलें।” उनकी इस पोस्ट को अरविंद केजरीवाल पर टिप्पणी की तरह देखा गया।

चड्ढा पर लगाए थे गंभीर आरोप

AAP के वरिष्ठ नेताओं ने चड्ढा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चड्ढा संसद में “सॉफ्ट पीआर” कर रहे हैं और बड़े मुद्दों के बजाय छोटे विषय उठा रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तो सीधे कहा, “क्या वह समझौता कर चुके हैं? हां!” वहीं आतिशी ने आरोप लगाया कि चड्ढा ने महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्टी लाइन का पालन नहीं किया। इसके जवाब में चड्ढा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “मैं चुनौती देता हूं कि कोई एक उदाहरण दें जब मैंने विपक्ष का साथ नहीं दिया।” उन्होंने पूरे विवाद को “स्क्रिप्टेड” बताया।

Updated on:
17 Apr 2026 02:51 pm
Published on:
17 Apr 2026 02:51 pm