भीलवाड़ा

Rajasthan: ‘थार’ से तांडव, बेरिकेड्स उड़ाए, बंदूकें लहराई, ग्रामीणों ने घेराबंदी कर रोकी गाड़ी, बदमाश जंगल में भागे

Rajasthan Crime Update: बिना नंबर की थार में सवार बदमाशों ने टोल नाके पर बैरिकेड्स तोड़कर पुलिस को चुनौती दी और फरार हो गए। ग्रामीणों की घेराबंदी के बाद बदमाश गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले, पुलिस को वाहन से दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं।

2 min read
कार की तलाशी लेती पुलिस। फोटो- पत्रिका

भीलवाड़ा। मांडलगढ़ और बीगोद के रास्तों पर एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली महिंद्रा थार में सवार कुछ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में कानून को चुनौती दी। गोपालपुरा टोल नाके पर बैरिकेड्स तोड़ते हुए भाग रहे 3-4 बेखौफ बदमाश पुलिस की मुस्तैदी और ग्रामीणों की घेराबंदी के बाद गाड़ी छोड़कर घने जंगल की तरफ भाग गए।

अमरगढ़ चौकी प्रभारी एएसआई ताराचंद जाट को सूचना मिली थी कि एक सफेद थार त्रिवेणी के निकट गोपालपुरा टोल नाके पर बैरिकेड्स तोड़कर काछोला की तरफ भाग रही है। सूचना मिलते ही एएसआई जाट ने रामपुरा गांव के ग्रामीणों को अलर्ट किया। ग्रामीणों ने तुरंत अपने ट्रैक्टर सड़क के बीचों-बीच खड़े कर रास्ता जाम कर दिया।

ये भी पढ़ें

Jodhpur News: जोधपुर सेंट्रल जेल में मचा हड़कंप, वायरल हुआ रोजा इफ्तार का फोटो, 13 मोबाइल और 11 सिमकार्ड मिले

रास्ता बंद होने से गाड़ी फंसी

खुद को चारों तरफ से घिरता देख बदमाशों ने थार को गलियों और कच्चे रास्तों पर दौड़ाया, लेकिन तालाब की पाल पर रास्ता बंद होने से गाड़ी फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथों में बंदूकें लहराते हुए 3-4 युवक पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में ओझल हो गए।

गाड़ी में मिले दो जिंदा कारतूस

पुलिस ने जब थार की तलाशी ली तो गाड़ी में दो जिंदा कारतूस (8 एमएम) बरामद हुए। गाड़ी पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। कांच पर जौरासी सरकार और रॉयल ऑटोमोबाइल्स के स्टिकर लगे मिले। पुलिस को अंदेशा है कि मामला मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हो सकता है। रविवार को भीलवाड़ा से विशेष ड्रोन टीम बुलाई गई। पूरे जंगली इलाके का हवाई सर्वे किया गया ताकि छिपे बदमाशों का सुराग लग सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

इनका कहना है

बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। बिना नंबर की गाड़ी और बरामद कारतूसों के आधार पर कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

  • रेवडमल मौर्य, पुलिस उपाधीक्षक, जहाजपुर

ये भी पढ़ें

Rajasthan: दुकान में लगी भीषण आग, चीखने लगे पिता, बचाई बेटे-बहू-पोते की जान, परिवार के सामने खुद जिंदा जले

Also Read
View All

अगली खबर