भीलवाड़ा

Rajasthan Crime: प्रेमिका के साथ भागा प्रेमी, लड़की के घरवालों ने खोया आपा, लड़के का घर फूंका, माता-पिता को पीटा

चतरपुरा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर तनाव फैल गया। युवती को भगा ले जाने से नाराज परिजनों ने युवक के घर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी कर दी।
2 min read
Love affair, love affair case, Bhilwara love affair case, Bhilwara news, Rajasthan news, lovers couple eloped, lovers couple eloped in Bhilwara
फोटो- पत्रिका

मांडल। क्षेत्र के चतरपुरा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते युवती को भगा ले जाने से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर दिया। युवक के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इस दौरान युवक के परिजनों पर भी हमला किया गया।

आगजनी से घरेलू सामान जल गया। हमले में दंपती सहित छह लोग घायल हो गए। मांडल पुलिस ने घायलों को मांडल अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में तोड़फोड़ और आगजनी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।

प्रेम प्रसंग का मामला

थानाप्रभारी रोहिताश्व यादव के अनुसार चतरपुरा निवासी हिम्मतसिंह दरोगा का एक अन्य समाज की युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। तीन-चार दिन पूर्व हिम्मतसिंह युवती को भगा ले गया था। युवती के परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन युगल का कोई सुराग नहीं लगा।

नहीं आए लड़के के पिता

इस बीच युवती के परिजन और ग्रामीण गांव के मंदिर में एकत्र हुए। उन्होंने हिम्मतसिंह के पिता जगदीश कुमार को वहां बुलाया, लेकिन वह नहीं गया। इससे आक्रोशित परिजन देर रात हिम्मतसिंह के घर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर लकड़ियों और पत्थरों से मारपीट की और मकान में आग लगा दी। आगजनी से घर का घरेलू सामान जल गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

आरोपी फरार

सूचना मिलने पर मांडल पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। हमले में जगदीश (55), उनकी मां गीता देवी (70), पुत्री सीमा (23), पत्नी लाडी देवी (50), एक वर्षीय दोहिती ज्योति तथा बीच-बचाव में आए महावीर (30) घायल हो गए। सभी को मांडल अस्पताल लाया गया, जहां से जगदीश की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने जगदीश की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Published on:
02 Feb 2026 08:31 pm