Mother Son Death: भीलवाड़ा के पीपलिया गांव में खेत के कुएं में गिरने से मां और उसके पांच वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि 13 माह की मासूम बेटी के सिर से मां और भाई का साया उठ गया।
भीलवाड़ा। करेड़ा थाना क्षेत्र के पीपलिया गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके पांच वर्षीय बेटे की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। शिवपुरी चौकी प्रभारी एवं सहायक उप निरीक्षक रेवत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पीपलिया गांव के एक खेत में बने कुएं में बच्चे का शव पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान कुएं में एक महिला की चप्पल भी तैरती हुई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को आशंका हुई कि कुएं में कोई और भी हो सकता है। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर कुएं में सघन तलाशी अभियान चलाया। कुछ देर बाद कुएं से एक महिला का शव भी बरामद किया गया।
मृतकों की पहचान पीपलिया निवासी 27 वर्षीय संतोष देवी और उसके पांच वर्षीय बेटे खुशवंत सिंह के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। मृतका के पति देवी सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार सुबह उसकी पत्नी और बेटा खेत में गोबर की रोड़ी यानी खाद डालने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों कुएं में गिर गए। कुएं में अधिक पानी होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर करेड़ा राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संतोष देवी की शादी करीब नौ वर्ष पहले हुई थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका की 13 माह की मासूम बेटी के सिर से मां और इकलौते भाई का साया हमेशा के लिए उठ गया। गांव में इस दर्दनाक हादसे को लेकर लोगों में गहरा दुख है।