जयपुर में ई-रिक्शा चालक को अगवा कर भीलवाड़ा जिले के आसींद में अमानवीय यातनाएं देने और निर्वस्त्र कर वीडियो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सीताराम तेली ने भीलवाड़ा एसपी को शिकायत दी है।
भीलवाड़ा: राजस्थान में मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाज में फैले नशे के जाल के खिलाफ आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया।
बता दें कि राजधानी जयपुर से एक ई-रिक्शा चालक को अगवा कर भीलवाड़ा के आसींद में उसे ऐसी यातनाएं दी गईं, जिसे सुनकर रूह कांप जाए। आरोपियों ने न केवल युवक के साथ हैवानियत की, बल्कि उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
पीड़ित सीताराम तेली ने भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक को सौंपी अपनी शिकायत में बताया कि घटना की शुरुआत 3 अगस्त 2025 को हुई। आरोपियों सुरेश तेली (आसींद), मुकेश तेली (कोशीथल) और उनके तीन साथियों ने सीताराम को जयपुर के एसएमएस अस्पताल के पास समाज के एक कार्यक्रम का झांसा देकर बुलाया। वहां से उसे अगवा कर आसींद ले जाया गया।
सीताराम के अनुसार, वह लंबे समय से समाज में अफीम और अन्य गैर-कानूनी मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन के खिलाफ मुखर था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे सबक सिखाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके दोस्त द्वारा पूर्व में की गई शिकायत पर पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए। एसीपी कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए पीड़ित ने अपनी आपबीती सुनाई और पुलिस प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी व सख्त सजा की मांग की है।