Bhojpuri Singer Video: सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक भोजपुरी सिंगर हाथ में चप्पल लिए एंकर की तरफ भाग रही हैं और साथ ही कह रही हैं कि ये मेरा रेट बताएगा।
Bhojpuri Singer Nisha Video: भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री की जानी-मानी लोक गायिका निशा उपाध्याय एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई गाना नहीं बल्कि उनका जबरदस्त गुस्सा है। सोशल मीडिया पर निशा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक एंकर पर चप्पल ताने हुए नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि एंकर द्वारा उनके 'रेट' को लेकर की गई एक टिप्पणी से वह इतनी आहत हुईं कि उन्होंने भरे मंच पर ही अपना आपा खो दिया।
मामला बिहार के सारण जिले के एक गांव का है, जहां निशा का स्टेज शो आयोजित किया गया था। चकाचौंध के बीच जैसे ही निशा अपनी परफॉर्मेंस के लिए तैयार हुईं, स्टेज संभाल रहे एंकर मुकेश ने कुछ ऐसा कह दिया जिससे पूरा माहौल बदल गया। एंकर ने मजाकिया अंदाज में कहा, "अब बारी है हमारी प्यारी निशा दीदी की। जोर से तालियां बजाइए और हां दीदी, आज का रेट क्या है? एक गाना दस हजार, दो गाने बीस हजार… या कुछ और?"
एंकर की यह बात सुनते ही भीड़ में कुछ लोग ठहाके लगाने लगे, लेकिन निशा को यह मजाक बेहद अपमानजनक लगा। उन्हें लगा कि एक कलाकार की कला का मोल इस तरह सार्वजनिक रूप से लगाना उनकी गरिमा के खिलाफ है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नीली साड़ी पहने निशा उपाध्याय गुस्से में तमतमाते हुए अपनी चप्पल उतार लेती हैं और एंकर की तरफ दौड़ती हैं। एंकर अपनी जान बचाकर स्टेज पर इधर-उधर भागता नजर आ रहा है। पीछे से निशा की टीम के लोग भी चिल्ला रहे हैं- "इसका मुंह तोड़ो!"
निशा चिल्लाते हुए कह रही हैं, "यह मेरा रेट बताएगा? माइक दीजिए, इसका रेट मैं बताती हूं। इसे मैं मारूंगी, यह रेट बताने वाला कौन होता है?" हंगामे के चलते प्रोग्राम में अफरा-तफरी मच गई और आयोजकों को बीच-बचाव करना पड़ा। सोशल मीडिया पर अब लोग दो गुटों में बंट गए हैं- कुछ इसे निशा का सही कदम बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि उन्हें गरिमा बनाए रखनी चाहिए थी।
निशा उपाध्याय भोजपुरी जगत का बड़ा नाम हैं और उनके लाखों चाहने वाले हैं। यह पहली बार नहीं है जब उनके साथ स्टेज पर कुछ बुरा हुआ हो। साल 2023 में एक लाइव शो के दौरान हर्ष फायरिंग में उन्हें गोली लग गई थी, जिसके बाद वह काफी समय तक अस्पताल में भर्ती रही थीं। उस हादसे से उबरकर उन्होंने दोबारा वापसी की, लेकिन ताजा विवाद ने एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है।