मच्छरों से निपटने के लिए बाजार में कई तरह के केमिकल युक्त रिफिल, स्प्रे और क्वाइल मिलते हैं, जिनके अपने नुकसान हैं। ये घर के बुजुर्ग और बच्चों के लिए काफी खतरनाक होते हैं। लेकिन, इन जानलेवा मच्छरों और कीटों से छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय भी हैं।
भोपाल/ बारिश का सीज़न कई फायदे लेकर आता है, तो इसके कई नुकसान भी हैं। ये सीज़न जहां एक तरफ धरती की प्यास बुझाकर जलापूर्ति करता है, वहीं ज्यादा बारिश के कारण घरों में कीट-मच्छर भी होने लगते हैं, जिनसे कई बीमारियों जैसे मलेरिया , डेंगू व चिकुनगुनियां का खतरा बढ़ जाता है। हलांकि, इन मच्छरों से निपटने के लिए बाजार में कई तरह के केमिकल युक्त रिफिल, स्प्रे और क्वाइल मिलते हैं, जिनके अपने नुकसान हैं। खासतौर पर ये घर के बुजुर्ग और बच्चों के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।
ऐसी स्थिति में इन जानलेवा मच्छरों और कीटों से छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय भी हैं। जिन्हें हम आसानी से अपने घर पर ही बना सकते हैं और इसके हमारे ऊपर कोई दुष्परिणाम भी नहीं हैं। अगर आप भी इन कीट-मच्छरों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो एक बार इन घरेलू उपायों के बारे में ज़रूर जान लें।
ये घरेलू उपाय मच्छर भगाने में कारगर
-सिट्रोनेला केंडल
सिट्रोनेला एक के प्रकार की जड़ी बूटी है, जिसकी गंध मच्छरों को पसंद नहीं आती, इसलिए सिट्रोनेला केंडल को जलाने से वातावरण को बड़ी सरलता से मच्छर मुक्त किया जा सकता है और ये घर के वातावरण को शुद्ध भी करती है।
-कपूर
आजकल के मच्छर भी बड़े ही घाघ हो गये है, इसलिए इनका सबसे बढ़िया इलाज कपूर है। कमरे में कपूर जलाकर ऐसे स्थान पर रख दें, जहां से उसका धुआं ज्यादा से ज्यादा स्थान पर फैल जाए। 10 मिनट के लिए खिड़की और दरवाजे बंद कर दें। आप देखेंगे कि, सारे मच्छर गायब हो जाएंगे। बता दें कि, कपूर भी घर को शुद्ध करने में सहायक होता है।
-लहसुन
लहसुन की तेज गंध मच्छरों को दूर रखती है। लहसुन का रस शरीर पर लगाएं या फिर उसका छिड़काव घर के सारे कोनो में कर दें, जब तक लेहसुन के तेल की गंध घर में रहेगी मच्छर नहींं आएंगे।
-लैवेंडर
यह न सिर्फ मच्छरों से बचने का शानदार तरीका है, बल्कि इसकी खुशबू से आपका घर भी महक उठेगा। इस फूल की खुशबू असरदार होती है जिससे मच्छर भाग जाते हैं।
सरसों के तेल में अजवाइन पाउडर मिलाकर इससे गत्ते के टुकड़ों को तर कर लें और कमरे के किसी ऊंचे स्थान पर रख दें। ये ऐसा स्थान होना चाहिए, जहां से मच्छरों के घर में प्रवेश करते हों।
-केरोसीन, नीम का तेल, कपूर
एक लैम्प में थोड़ा केरोसीन और कुछ बूंदें नीम के तेल की लें। 2 टिकिया कपूर मिला लें। इस लैम्प को जलाएं इससे मच्छर इसके धुएं के नज़दीक भी नहीं आएंगे।
पढ़ें ये खास खबर- तेज़ी से फैल रहा है जानलेवा स्क्रब टाइफस, ऐसे पहचाने लक्षण और करें उपचार
-नींबू और नीलगिरी का तेल
मच्छर भगाने वाली रिफिल में लिक्विड खत्म हो जाने पर उसमें नींबू का रस और नीलगिरी का तेल भरलें इन दोनों चीजों को रिफिल में ही अच्छे से मिला लें और इसे क्वाइल में लगाएं इसके धुएं से घर के मच्छर भाग जाएंगे। इसे हाथ-पैरों पर भी लगाया जा सकता है।
-नींबू और लौंग
जिस जगह ज्यादा मच्छर आते हैं वहां नींबू और लौंग के घोल का छिड़काव करें। इसकी खुशबू जब तक रहेगी तब तक मच्छर आसपास भी नहीं भटकेंगे।
नीम के तेल को हाथ-पैरों में लगाएं या फिर नारियल के तेल में नीम का तेल मिलाकर उसका दीया जलाएं। इसके धुए के कारण मच्छर ही नहीं किसी तरह का कीट भी घर में प्रवेश नहीं करेगा।
पढ़ें ये खास खबर- शरीर पर tattoo बनवाने का शौक पड़ सकता है भारी, नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी
पुदीने के पत्तों के रस का छिड़काव करने से मच्छर दूर भागते हैं। इसे शरीर पर भी लगाया जा सकता है।
शरीर पर तुलसी के पत्तों का रस लगाने से मच्छर नहीं काटते। इसे हिन्दू नियमों के अनुसार, घर में लगाने का बड़ा महत्व है। हिन्दू मान्यताओं के अनुसार, ये घर के शुद्धीकरण का काम करता है। घरों में लगा तुलसी का पौधा मच्छरों या अन्य कीटों को दूर भी रखता है।
-सोते समय ये जरूर करें
ऐसा माना जाता है कि, सोते समय लहसुन की कच्ची कली चबाने से मच्छर नहीं काटते। इसके साथ ही लहसुन शरीर का रक्त संचार भी बेहतर करता है।