विशेष बात यह है कि जिले के विजयपुर ब्लॉक में तो मच्छरदानी वितरण के साथ ही चिह्नित गांवों में दवा छिडक़ाव भी कराया गया, लेकिन मलेरिया नियंत्रित होने के बजाय बढ़ रहा है। मलेरिया की ये स्थिति स्वयं मलेरिया पॉजीटिव केस के आंकड़े कर रहे हैं, जिनमें गत वर्ष के मुकाबले विजयपुर ब्लॉक और श्योपुर शहर में मलेरिया के मरीज बढ़े हैं। हालांकि जिले के कुल मलेरिया पॉजिटिव केसों की संख्या गत वर्ष से कम है और बड़ौदा और कराहल ब्लॉक में संख्या घटी भी है, लेकिन विजयपुर ब्लॉक के साथ ही श्योपुर शहर में मलेरिया मरीजों की संख्या बढऩे से जहां महकमा अलर्ट हो गया है, वहीं आमजन मलेरिया का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में अब भी नहीं संभले तो इस सितंबर माह में हालात बेकाबू हो सकते हैं। ऊपर से जिला अस्पताल व अन्य अस्पतालों में चरमराई सेवाएं स्थितियों को और प्रतिकूल बना सकती है।