
Aayush Sharma on Salim Khan: बॉलीवुड गलियारों में जब भी नेपोटिज्म यानी भाई-भतीजावाद और सेलिब्रिटी कपल्स की बात होती है, तो अभिनेता आयुष शर्मा (Aayush Sharma) और अर्पिता खान शर्मा (Arpita Khan Sharma) का नाम अक्सर सुर्खियों में आ जाता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर जहां सुपरस्टार सलमान खान अपनी सेहत को लेकर सुर्खियों में हैं, वहीं अब उनके जीजा आयुष शर्मा ने अपनी शादी, लगातार होने वाली ट्रोलिंग और खान परिवार के साथ अपने अनोखे रिश्तों को लेकर कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वह आज भी अपने ससुर सलीम खान को पापा कहने से डरते हैं। इसका उन्होंने बड़ा कारण भी बताया।
आयुष शर्मा ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया। इस दौरान उन्होंने अपनी ट्रोलिंग पर बात की। उन्होंने कहा कि इन बातों को मज़ाकिया अंदाज़ में लेना सीख लिया है। उन्होंने बताया, "शुरुआत में जब लोग अर्पिता से शादी करने के मेरे इरादों पर कमेंट करते थे, तो मुझे बहुत दुख होता था। लेकिन इतने सालों में अब मुझे इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारी शादी को 11 साल हो चुके हैं, हमारा एक 10 साल का बेटा है और 6 साल की बेटी है। इन 11 सालों में मैंने सिर्फ तीन ही फिल्में की हैं, और उनमें से एक भी ब्लॉकबस्टर हिट नहीं रही। ऐसे में यह साफ है कि मेरे करियर और मेरे परिवार के बीच कोई व्यावहारिक कनेक्शन नहीं है।"
आयुष ने आगे कहा कि लोग जो देखते हैं, उसके आधार पर एक मनगढ़ंत कहानी बना लेते हैं। अगर वह इन इल्जामों पर बार-बार रिएक्ट करेंगे, तो यह उनकी शादी और उनके रिश्ते की बेइज्जती करने जैसा होगा, क्योंकि उन्हें किसी के सामने अपने प्यार को साबित करने की जरूरत नहीं है।
आयुष ने खान परिवार के मुखिया और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान (Salim Khan) के साथ अपने रिश्ते पर एक दिलचस्प खुलासा किया। आयुष ने बताया कि वह सलमान खान को तो 'भाई' कहते हैं, लेकिन सलीम खान को कभी 'डैड' या 'पापा' नहीं कह पाए, जबकि उन्हें ऐसा कहने के लिए कहा गया था। इसका कारण भी बेहद सिंपल और बड़ा है।
आयुष ने कहा, "मुझमें आज तक उन्हें डैड कहने की हिम्मत नहीं हुई। मैं एक राइटर के तौर पर उनका इतना बड़ा फैन हूं कि मेरा दिल उन्हें हमेशा 'सलीम साहब' ही कहना चाहता है। वह एक लेजेंड हैं। जब वह बोलते हैं, तो मैं सिर्फ सिर झुकाकर सुनता हूं। मैंने कभी खुद से उनसे बातचीत शुरू नहीं की, मैं उन्हें एक अलग ही सम्मानजनक जोन में देखता हूं।"
बता दें, अर्पिता खान, सलीम खान और हेलेन की गोद ली हुई बेटी हैं। अपनी बायोलॉजिकल मां को खोने के बाद इस परिवार ने उन्हें अपनाया था और उनकी परवरिश सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा के साथ सगे भाई-बहनों की तरह हुई है। अर्पिता ने 18 नवंबर 2014 को हैदराबाद के फलकनुमा पैलेस में आयुष से शादी की थी और आज वह दो बच्चों- आहिल और आयत के माता-पिता हैं। वहीं, आयुष खुद हिमाचल प्रदेश के एक रसूखदार राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुख राम के पोते हैं।