Anurag Kashyap Breaks Silence on Epstein Files: बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप ने हाल ही में एपस्टीन फाइल्स में आए अपने नाम को लेकर चुप्पी तोड़ी है। क्या कुछ कहा अनुराग कश्यप ने, चलिए जानते हैं।
Anurag Kashyap Breaks Silence on Epstein Files: दुनियाभर में चर्चित 'एपस्टीन फाइल्स' एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दिवंगत अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों, ईमेल्स और कथित सबूतों के सार्वजनिक होने के बाद कई बड़े और प्रभावशाली नामों पर सवाल उठने लगे हैं। इसी कड़ी में अब भारतीय सिनेमा के चर्चित फिल्ममेकर अनुराग कश्यप का नाम सामने आने की चर्चा ने हलचल मचा दी है। हालांकि, बिना किसी देरी के अनुराग कश्यप ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है और इन्हें महज अफवाह करार दिया है।
दरअसल, सोशल मीडिया और कुछ सोशल मीडिया के दस्तावेजों में ये दावा किया गया कि अनुराग कश्यप का नाम एपस्टीन से जुड़े एक ईमेल में दर्ज है। उस ईमेल में उन्हें सीधे नाम से नहीं, बल्कि बॉलीवुड का आदमी और एक मशहूर बॉलीवुड डायरेक्टर कहकर संबोधित किया गया है। दावा ये भी किया गया कि साल 2017 में चीन के बीजिंग में आयोजित होने वाले एपस्टीन से जुड़े एक कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी संभावित थी। जैसे ही यह बात सामने आई, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
एचटी सिटी से बात करते हुए अनुराग कश्यप ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए अनुराग कश्यप ने साफ शब्दों में कहा कि उनका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है। बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्हें हर महीने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों से स्पीकर के तौर पर निमंत्रण मिलते हैं, जिनमें से अधिकांश का वो जवाब तक नहीं देते। उन्होंने ये भी साफ किया कि वह अपनी पूरी जिंदगी में कभी बीजिंग गए ही नहीं हैं। ऐसे में किसी कथित इवेंट से उनका जुड़ाव होने का सवाल ही नहीं उठता।
अनुराग कश्यप ने इन दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि इस तरह के ईमेल किसी भी तरह से पुख्ता सबूत नहीं माने जा सकते और यह पूरी तरह से क्लिकबेट और अफवाहों पर आधारित मामला है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में यह भी कहा कि उनके नाम पर बनने वाली सुर्खियां कई बार उनकी फिल्मों से ज्यादा चर्चित हो जाती हैं।
गौरतलब है कि अनुराग कश्यप भारतीय सिनेमा के उन चुनिंदा फिल्ममेकर्स में शुमार हैं, जिनकी फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। उनकी फिल्में कई प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल्स में प्रदर्शित हो चुकी हैं और उनकी छवि एक बेबाक और स्वतंत्र सोच वाले निर्देशक की रही है। ऐसे में बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के उनका नाम इस तरह के विवाद से जोड़ना कई सवाल खड़े करता है।
अगर एपस्टीन फाइल्स की बात करें, तो यह विवाद अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े उन दस्तावेजों पर आधारित है, जिनमें दावा किया गया है कि कई बड़े कारोबारी, राजनेता और मशहूर हस्तियां उसके संपर्क में थीं। हालांकि, अब तक सामने आए कई नामों की न तो आधिकारिक पुष्टि हुई है और न ही किसी कानूनी जांच में उन्हें दोषी ठहराया गया है। भारतीय संदर्भ में भी अब तक किसी सेलेब्रिटी पर सीधे तौर पर कोई आरोप सिद्ध नहीं हुआ है।