
Arijit Singh Most Viewed Song on Youtube: बॉलीवुड म्यूजिक के जादू कहे जाने वाले अरिजीत सिंह को लेकर इस वक्त संगीत जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। करीब डेढ़ दशक तक अपनी गायिकी से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले अरिजीत सिंह ने सिंगिंग करियर से संन्यास लेने का फैसला किया है। इस खबर ने उनके फैंस को भावुक कर दिया है, वहीं इसी बीच उनका एक सुपरहिट गाना फिर से चर्चा में आ गया है, जिसने यूट्यूब पर 1 बिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर नया कीर्तिमान रच दिया था।
अरिजीत सिंह का नाम आज उन चुनिंदा गायकों में शुमार है, जिनकी आवाज हर मूड और हर एहसास से जुड़ जाती है। प्यार, दर्द, जुदाई या सुकून- हर भावना में उनकी आवाज ने श्रोताओं को खुद से जोड़ लिया। ऐसे में जब उन्होंने अचानक रिटायरमेंट का ऐलान किया, तो संगीत प्रेमियों के लिए ये खबर किसी झटके से कम नहीं थी।
इसी बीच यूट्यूब पर रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल कर चुका अरिजीत सिंह का एक गाना फिर से चर्चाओं में आ गया है। ये गाना साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'छिछोरे' का है, जिसने रिलीज के साथ ही दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली थी। फिल्म की कहानी जितनी भावनात्मक थी, उतना ही असरदार उसका संगीत भी रहा। खासतौर पर अरिजीत सिंह की आवाज में गाया गया गीत खैरियत आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का अहम हिस्सा बना हुआ है।
इस गीत को टी-सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया था और समय के साथ इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई। आज ये गाना 1.2 बिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है, वहीं लाखों लोगों ने इसे लाइक कर अपनी पसंद जाहिर की है। यही वजह है कि ये गीत अरिजीत सिंह के करियर का यूट्यूब पर सबसे बड़ा हिट माना जा रहा है।
फिल्म 'छिछोरे' में श्रद्धा कपूर और दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की जोड़ी नजर आई थी। फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी थे, जिन्होंने दोस्ती, संघर्ष और जिंदगी के उतार-चढ़ाव को बड़े ही संवेदनशील अंदाज में पर्दे पर उतारा। इसी भावनात्मक गहराई ने खैरियत जैसे गीत को अमर बना दिया।
रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए अरिजीत सिंह ने ये भी साफ किया है कि वो अपने अधूरे प्रोजेक्ट्स को पूरा करेंगे। उन्होंने अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि कुछ गाने अभी रिलीज होने बाकी हैं, जिन्हें वो जरूर पूरा करेंगे। इसके बाद ही वह संगीत से दूरी बनाएंगे।