बॉलीवुड

श्रीदेवी के अभिनय की गूंज आईफा में भी, दिवंगत अभिनेता भी हुए सम्मानित

दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना, शशि कपूर और श्रीदेवी को सम्मानित किया गया।
2 min read
Jun 25, 2018
sridevi
sridevi

आईफा अवॉर्ड्स के 19वें संस्करण में अभिनेता इरफान खान को फिल्म 'हिंदी मीडियम' और दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी को 'मॉम' में बेहतरीन अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता एवं अभिनेत्री के पुरस्कारों से नवाजा गया। थाईलैंड के बैंकॉक स्थित सियाम निरामित थिएटर में रविवार को आयोजित आईफा 2018 में 'तुम्हारी सुल्लू' ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता जबकि 'हिंदी मीडियम'के लिए साकेत चौधरी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला।

श्रीदेवी के पति बोनी कपूर ने 'मॉम' में उनके उत्कृष्ट परफॉर्मेंस के लिए मिला पुरस्कार ग्रहण किया। वह पुरस्कार लेते समय काफी भावुक नजर आए। भावुक बोनी ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा, 'मैं यह पुरस्कार 'मॉम' की पूरी टीम को समर्पित करता हूं।' बोनी ने नम आंखों से कहा, 'मेरे मन में आज मिली-जुली भावनाएं है। मैं उन्हें (श्रीदेवी) अपने जीवन के हर मिनट...हर सेकंड याद करता हूं। मुझे अभी भी लगता है कि वह यहां हैं। मैं चाहता हूं कि आप सभी जाह्नवी का उसी तरह समर्थन करें जैसे आपने उसकी मां का किया था।'

पुरस्कार समारोह में दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना, शशि कपूर और श्रीदेवी को सम्मानित किया गया। विनोद खन्ना का पुरस्कार दिग्गज फिल्मकार रमेश सिप्पी ने ग्रहण किया। शशि कपूर का पुरस्कार ऋषि कपूर ने लिया। वहीं, अभिनेता अनिल कपूर और बोनी समारोह में श्रीदेवी की बात करते हुए काफी भावुक हो गए।

अनुपम खेर को अनिल द्वारा आउटस्टैडिंग अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अनुपम ने कहा, 'यह बहुत अच्छी भावना होती है जब आपके अपने साथी आपकी उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं और यह मेरी यात्रा का अंतराल बिंदु है और मेरी यात्रा का दूसरा पड़ा शुरू हो रहा है। यह मेरी 500वीं फिल्म के साथ शुरू हो गया है।'

Published on:
25 Jun 2018 01:56 pm