Kangana Ranaut Black Magic Allegations: बॉलीवुड एक्ट्रेस और नेता कंगना रनौत ने अपने करियर के शुरूआती दिनों पर बात करते हुए बताया कि उनको ‘चुड़ैल और खून पीने वाली तक कहा गया था।
Kangana Ranaut Black Magic Allegations: एक्टर से पॉलिटिशियन बनी कंगना रनौत ने हाल ही में अपने करियर के शुरूआती दिनों और अपनी पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात की है। ANI पॉडकास्ट से हुई बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी के उस दौर को याद किया जब उन पर काला जादू करने का आरोप लगाया गया था और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने उन्हें "चुड़ैल" का तमगा तक पहना दिया था। बता दें कि उनपर ये आरोप उनके एक्स बॉयफ्रेंड अध्ययन सुमन से हुए विवाद के बाद लगे थे।
अपनी जिंदगी के बीसवें दशक के बीच में अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर बात करते हुए कंगना ने कहा, "मेरे एक्स बॉयफ्रेंड ने मेरे ऊपर केस दर्ज किया… और उसके साथ कुछ और लोग भी खड़े हो गए और कहने लगे, 'ये तो चुड़ैल है। खून पीती है। काले कमरे में काले पर्दे लगाके काला जादू करती है, तो एक तरह से ये तो जादू-टोना हुआ।'
इसके आगे उन्होंने बताया कि जब उनपर ये आरोप लगाए गए तब उनकी उम्र केवल 26 या 27 साल थी। उन्होंने कहा कि उनके साथ हुए इस दुर्व्यवहार ने उन्हें दबाव में आने के बजाय, अपने काम पर फोकस करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बता दें कि कंगना रनौत और अध्ययन सुमन की मुलाकात फिल्म 'राज 2' के सेट पर हुई थी और दोनों ने 2008 से 2009 के बीच एक-दूसरे को डेट किया था। हालांकि, दोनों के बीच का ये विवाद ब्रेकअप के कई साल बाद, 2015 में तब चर्चा में आया था जब कंगना के खिलाफ कानूनी मामले दर्ज किए गए और पब्लिकली उनकी इमेज को ख़राब करने वाले बयान दिए गए। उस दौरान अध्ययन ने दावा किया कि उन्हें फिजिकल और इमोशनल ट्रॉमा का सामना करना पड़ा और आरोप लगाया कि कंगना ने काले पर्दों से ढके एक गेस्ट रूम में डरावनी रस्में निभाईं।
इसके साथ ही कंगना ने साल 2014 में आई अपनी फिल्म 'क्वीन' की सफलता को इस बुरे समय का सामना करने की ताकत का क्रेडिट दिया। बता दें कि उनकी ये फिल्म जबरदस्त हिट साबित हुई और जिसके बाद बॉलीवुड में उनकी इमेज पूरी तरह से बदल गई। इस फिल्म से उन्होंने ये भी साबित कर दिखाया कि एक एक्ट्रेस अपने अकेले दम पर बिना किसी हीरो या आइटम गर्ल या सेक्सी किरदार के एक ब्लॉकबस्टर फिल्म दे सकती है।