
बॉलीवुड में अपनी दिलकश अदायगी के लिए मशहूर सहाबहार अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अब जल्द ही अपने नए रुप में आने वाली हैं। दर्जनों हिन्दी फिल्में करने के बाद माधुरी दीक्षित अब जल्द ही मराठी फिल्म 'बकेट लिस्ट ' के साथ आ रही हैं। ये माधुरी की पहली मराठी फिल्म होगी।
बता दें कि माधुरी दीक्षित ने अपने टि्वटर अकांउट से ये जानकारी साझा की है। माधुरी ने फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर करते हुए लिखा है कि -और यहां रहा मेरी पहली मराठी फिल्म का पहला लुक( And here is the first look of my first #मराठी film )
पोस्टर में माधुरी हरे रंग की साड़ी और मंगलसूत्र पहने और माथे पर लाल बिंदी सजाए हैं। उन्होंने अपने बाल बांध रखे हैं। बेहद कम मेकअप में माधुरी का यह लुक कुछ हद तक फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' में श्रीदेवी के लुक की याद दिलाता है। अपनी पहली मराठी फिल्म के बारे में बात करते हुए माधुरी दीक्षित ने बताया है कि, ‘यह फिल्म एक गृहणी की कहानी है। जो कि न केवल आपको जीने की उम्मीदें देती है बल्कि आपको जीवन जीने का सही तरीका भी बताती है। मैंने इस फिल्म को करने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि यह कहानी हर दर्शक के दिल में एक खास जगह बनाने में सफल होगी।' इस फिल्म का निर्देशन तेजस प्रभा विजय देओस्कर कर रहे हैं।
आपको बता दें कि अपनी इस मराठी फिल्म के अलावा माधुरी दीक्षित इस साल डायरेक्टर इंदर कुमार की नई कॉमेडी फिल्म टोटल धमाल में भी अहम किरदार निभाती दिखेंगी।