
Naseeruddin Shah Airport Video: बॉलीवुड के फेमस एक्टर्स में से एक रहे नसीरुद्दीन शाह अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने यूनिवर्सिटी में बुलाए जाने और फिर निमंत्रण वापिस लेने पर नाराजगी जाहिर की थी, जिसके बाद ये विवाद इतना बढ़ गया कि कई स्टार्स कमेंट करने लगे। इसी बीच मुंबई एयरपोर्ट पर जो कुछ ऐसा हो गया जिसने एक नई बहस छेड़ दी है। नसीरुद्दीन शाह अपनी पत्नी रत्ना पाठक शाह के साथ यात्रा से लौट रहे थे और कुछ पत्रकार उनसे मुंबई यूनिवर्सिटी विवाद पर बार-बार सवाल पूछने लगे। पहले वह चुप रहे, लेकिन जब वह पत्रकार उनकी गाड़ी तक पीछा करते हुए आ गए तो नसीरुद्दीन शाह का गुस्सा फूट पड़ा। जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि नसीरुद्दीन शाह अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे हैं। तभी एक रिपोर्टर उनसे यूनिवर्सिटी द्वारा निमंत्रण रद्द किए जाने पर प्रतिक्रिया मांगता है। शुरुआत में नसीर साहब ने बेहद शांति से जवाब दिया और कहा, "मैं इस मुद्दे पर कोई बात नहीं करना चाहता, इसलिए कृपया मुझे हैरेस मत कीजिए।"
शांति से मना करने के बावजूद जब रिपोर्टर ने माइक उनके चेहरे के करीब लाकर बार-बार वही सवाल दोहराया, तो अभिनेता का सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने गुस्से में माइक को झटकते हुए कहा, "आप माइक मेरे चेहरे पर घुसेड़ रहे हैं। क्या आपको दिख नहीं रहा कि मैं सफर करके आया हूं? मैंने आपसे तमीज से कहा कि मैं बात नहीं करना चाहता, फिर आप बार-बार क्यों परेशान कर रहे हैं? आप लोग किस तरह के इंसान हैं?" इस दौरान रत्ना पाठक शाह भी काफी असहज नजर आईं।
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं, लेकिन ज्यादातर लोग एक्टर के समर्थन में खड़े दिख रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि पत्रकारिता के नाम पर किसी की निजी प्राइवेसी में खलल डालना गलत है। एक यूजर ने लिखा, "जब किसी ने साफ मना कर दिया, तो माइक मुंह पर ठूंसना उत्पीड़न है।" वहीं, साउथ एक्टर प्रकाश राज ने भी सोशल मीडिया पर इस घटना पर नाराजगी जताई और पत्रकारिता के गिरते स्तर पर सवाल उठाए।
यह सारा हंगामा तब शुरू हुआ था जब नसीरुद्दीन शाह ने खुलासा किया था कि मुंबई यूनिवर्सिटी के उर्दू विभाग ने उन्हें एक कार्यक्रम में बुलाया था, लेकिन आखिरी मौके पर बिना कारण बताए उनका निमंत्रण रद्द कर दिया। ऐसे में नसीरुद्दीन शाह का आरोप है कि यूनिवर्सिटी ने न तो उनसे माफी मांगी और न ही कोई स्पष्टीकरण दिया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके नसीरुद्दीन शाह जल्द ही अनुभव सिन्हा की फिल्म 'अस्सी' में नजर आने वाले हैं। फिलहाल, एयरपोर्ट वाली इस घटना ने 'मीडिया वर्सेज सेलिब्रिटी' की बहस को एक बार फिर गरमा दिया है।