Hania Aamir Viral Dance On Bollywood Song: पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर का हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वो बॉलीवुड के गानों पर थिरकते हुए नजर आ रही हैं।
Hania Aamir Viral Dance On Bollywood Song: पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर एक बार फिर सोशल मीडिया पर छा गई हैं। इस बार उनकी किसी फिल्म या इंटरव्यू की वजह नहीं, बल्कि एक शादी समारोह में किया गया उनका शानदार डांस इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद भारतीय और पाकिस्तानी दोनों देशों के फैंस हानिया की जबरदस्त एनर्जी की तारीफ कर रहे हैं। हालांकि ये वीडियो कब का है, ये फिलहाल साफ नहीं हो पाया है।
दरअसल, हाल ही में एक स्टाइलिस्ट के वेडिंग फंक्शन में शामिल हुईं हानिया आमिर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में अभिनेत्री बॉलीवुड के मशहूर गाने मैं आई हूं यूपी बिहार लूटने पर जबरदस्त अंदाज में डांस करती नजर आ रही हैं। यह गाना मूल रूप से अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी पर फिल्माया गया था और आज भी पार्टी प्लेलिस्ट का पसंदीदा हिस्सा माना जाता है।
ब्लैक लहंगे और गोल्डन ब्लाउज में सजी हानिया आमिर का स्टाइलिश लुक भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। उनके साथ समारोह में मौजूद दूसरे मेहमान भी उनके साथ झूमते दिखाई दे रहे हैं, जिससे पूरे माहौल में उत्साह और खुशी का रंग और गहरा हो गया।
इसी शादी समारोह से सामने आए एक दूसरे वीडियो में हानिया आमिर पंजाबी सिंगर करण औजला के चर्चित गाने बॉयफ्रेंड पर भी मस्ती भरे अंदाज में डांस करती नजर आईं। उनके एक्सप्रेशन और स्टेप्स देखकर वहां मौजूद लोग भी तालियां बजाते और उनका हौसला बढ़ाते दिखाई दिए।
गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है जब हानिया आमिर ने बॉलीवुड गानों के प्रति अपना प्यार जाहिर किया हो। इससे पहले भी वह कई बार सोशल मीडिया पर हिंदी फिल्मी गानों पर गाते और डांस करते हुए वीडियो शेयर करती रही हैं। यही वजह है कि भारतीय दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।
दिलचस्प बात यह भी है कि हानिया आमिर कई मौकों पर खुलकर ये स्वीकार कर चुकी हैं कि वह बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं।