
Prashant Tamang Wife Big Revealed: 'इंडियन आइडल सीजन 3' के विनर रहे प्रशांत तमांग 11 जनवरी को अपने घर पर मृत पाए गए थे। जैसे ही उनके निधन की खबर आई हर कोई हैरान रह गया। फैंस जानने की कोशिश में लग गए कि आखिर कैसे और कब 43 साल की उम्र में सिंगर ने दुनिया छोड़ दी। ऐसे में अब उनकी पत्नी मार्था एली सामने आई है और उन्होंने पति प्रशांत की मौत को लेकर बड़ी जानकारी दी है। मौत नैचुरल थी या नहीं इसे लेकर भी उन्होंने कई बातें बताई है। जिसे सुनकर सिंगर के फैंस भी बेहद दुखा हो गए हैं।
प्रशांत तमांग की पत्नी मार्था एली ने ANI से खास बात की। इस दौरान मार्था बेहद रोती हुई नजर आईं। उन्होंने पति प्रशांत की मौत जिस रात हुई उसे लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह से एक नेचुरल डेथ (प्राकृतिक मौत) थी। वह सोते हुए ही हमें छोड़कर चले गए। सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिस समय उन्होंने अंतिम सांस ली, मैं उनके ठीक बगल में ही सो रही थी।" उन्होंने किसी भी तरह की साजिश या अनहोनी की खबरों को खारिज कर दिया है। साथ ही मार्था के बयान ने ये भी साफ कर दिया है कि प्रशांत ने बिना किसी तड़प या लंबी बीमारी के दुनिया को अलविदा कहा।"
मार्था ने बताया, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि उन्हें इतना प्यार करने वाले लोग हैं। लोग घर के बाहर खड़े हैं, अस्पताल में भीड़ उमड़ पड़ी है और चारों तरफ से फूल भेजे जा रहे हैं। यह सब देखकर मैं बहुत इमोशनल हूं।"
मार्था ने फैंस से गुजारिश भी की, उन्होंने कहा कि प्रशांत को हमेशा उसी सादगी और प्यार के साथ याद रखें, जिसके लिए वे जाने जाते थे। मार्था ने रोते हुए कहा, "वह एक बहुत नेक रूह और महान इंसान थे। अब जब वह हमारे बीच नहीं हैं, तो उन्हें आपकी दुआओं की और भी ज्यादा जरूरत है।"
दार्जिलिंग के एक साधारण सिपाही से सुपरस्टार बनने वाले प्रशांत का सफर काफी प्रेरणादायक रहा। 'इंडियन आइडल' जीतने के बाद उन्होंने नेपाली सिनेमा में 'गोरखा पलटन' और 'निशानी' जैसी सुपरहिट फिल्में दीं। हाल ही में उन्होंने 'पाताल लोक सीजन 2' में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया था।
अफसोस की बात यह है कि प्रशांत जल्द ही सलमान खान की बड़ी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में एक अहम भूमिका में नजर आने वाले थे। फैंस को उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। प्रशांत भले ही अब शारीरिक रूप से मौजूद न हों, लेकिन उनकी मधुर आवाज और उनकी फिल्में हमेशा उनकी मौजूदगी का एहसास कराती रहेंगी।