
Nikita Ghag Case Registered: इंडस्ट्री में वसूली पर कई फिल्में बनी हैं, लेकिन इस बार मामला रील नहीं रियल है। जी हां! मुंबई के अंधेरी इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक फिल्म निर्माता ने आरोप लगाया है कि एक एक्ट्रेस उनके स्टूडियो में जबरन घुस गई और उन्हें बंधक बना लिया। एक्ट्रेस अकेली नहीं थी, वह एक दर्जन से ज्यादा लोगों के साथ आई थीं और बंदूक और चाकू की नोंक पर उनसे 10 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए।
पूरा मामला मुंबई अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। ये एक्ट्रेस कोई और नहीं बल्कि एक्ट्रेस निकिता घाग हैं। उन्हीं पर प्रोड्यूसर ने जबरन बंधक बनाकर 10 लाख ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है और अब पुलिस ने निकिता और उसके साथियों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है।
फिल्म निर्माता कृष्णकुमार वीरसिंह मीणा उर्फ के. कुमार ने पुलिस में एक्ट्रेस निकिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम निकिता घाग 10 से 15 लोगों के साथ उनके अंधेरी वेस्ट के स्टूडियो में घुस गईं। उस समय कुमार अपने दोस्तों और कलाकारों के साथ केबिन में बैठे थे। आरोपियों ने अंदर आते ही गाली-गलौज शुरू कर दिया और सबको बाहर निकाल दिया।
निर्माता कृष्णकुमार वीरसिंह मीणा ने आगे बताया, “जो लोग निकिता के साथ आए थे उनमें से एक व्यक्ति ने खुद को 'दादा' बताते हुए अपना नाम विवेक जगताप बताया। निकिता और उसके साथियों ने कुमार पर झूठे आरोप लगाए और 25 लाख रुपये की मांग की। जब कुमार ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकाला और जगताप ने अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर उन्हें डराया।
कृष्णकुमार वीरसिंह मीणा ने पुलिस को बताया कि वह इतना डर गए थे कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन और OTP वेरिफिकेशन के जरिए 10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए और उन्हें लगभग 3 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और स्टाफ को भी धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो इसका अंजाम बुरा होगा। साथ ही आरोपियों ने उनके एक कर्मचारी से जबरन एक ईमेल भी लिखवाया, जिसमें कहा गया कि यह रकम निकिता घाग की एक्टिंग फीस का एडवांस है।
फिल्म निर्माता की शिकायत के आधार पर अंबोली पुलिस स्टेशन ने एक्ट्रेस निकिता घाग, विवेक जगताप उर्फ दादा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की कई धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।