बॉलीवुड

क्यों नहीं चली शाहरुख खान की ‘Dunki’? राजकुमार हिरानी ने फिल्म की सबसे बड़ी कमी का किया खुलासा

Rajkumar Hirani: शाहरुख खान, तापसी पन्नू, विक्की कौशल, बोमन ईरानी, ​​विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर स्टारर फिल्म डंकी पर बात करते हुए फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने बताया कि फिल्म क्यों नहीं चली और दर्शकों ने इसको पसंद क्यों नहीं किया।
3 min read
Jun 25, 2026
Rajkumar Hirani on Dunki
क्यों नहीं चला ‘Dunki’ का जादू? राजकुमार हिरानी ने किया खुलासा। (फोटो सोर्स: IMDb)

Rajkumar Hirani on Dunki: साल 2023 में शाहरुख खान की 3 फिल्में 'जवान', 'पठान' और 'डंकी' रिलीज हुई थीं। इनमें से जवान और पठान तो सुपर-डुपर हिट साबित हुईं लेकिन 'डंकी' बॉक्स ऑफिस पर लुढ़क गई। अब तीन साल बाद 'डंकी' के डायरेक्टर और फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने फिल्म की असफलता के बारे में बात की और बताया कि दर्शक फिल्म से क्यों नहीं जुड़ पाई। आइए जानते हैं कि राजकुमार हिरानी ने फिल्म को लेकर और क्या कुछ कहा।

राजकुमार हिरानी ने 'डंकी' फिल्म पर क्या कहा?

हाल ही में फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने संजय अरोड़ा के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए 'डंकी' और फिल्म के प्रदर्शन के बारे में बात की। 'डंकी' की परफॉर्मेंस पर बात करते हुए राजकुमार ने कहा, "हर फिल्म अलग-अलग लोगों को अलग तरह से प्रभावित करती है। जब आप '3 इडियट्स' बनाते हैं, तो वह एजुकेशन सिस्टम पर सवाल उठाती है, जो हर घर से जुड़ी होती है, इसलिए वो हर घर तक पहुंचती है। तो, जब मैं 'डंकी' जैसी फिल्म बनाता हूं, तो ये उन लोगों तक सीमित हो जाती है जो गैर-कानूनी तरीके से दूसरे देश जाने में दिलचस्पी रखते हैं। मुझे कनाडा, अमेरिका से उन लोगों के मैसेज आते हैं जिन्होंने असल में ऐसा किया है और जिनकी ज़िंदगी पर इसका असर पड़ा है। वहां रहने वाले लोग कह रहे हैं, 'हम यहां रह तो रहे हैं, लेकिन परेशान हैं,' और वो कहते हैं, 'हमने अपना देश क्यों छोड़ा, हमें वहीं रहना चाहिए था।' तो जाहिर है कि लोगों का वो वर्ग सीमित है।"

हमारे सिनेमा के दर्शक मिडिल क्लास के लोग हैं

फिल्ममेकर ने फिल्म के विषय और आम सिनेमा देखने वालों के बीच के अंतर पर बात करते हुए कहा, "हमारे सिनेमा के दर्शक मिडिल क्लास के लोग हैं जिन्हें आसानी से वीजा मिल सकता है, लेकिन वहीं, ऐसे लोगों की भी संख्या भी काफी है जिनको आसानी से वीजा नहीं मिलता या मंजूर नहीं होता है। हम वीजा मिलने पर अमेरिका की यात्रा कर सकते हैं, लेकिन उन लोगों का क्या जिनके पास पैसे नहीं हैं, कोई बैंक बैलेंस नहीं है? उनके पास वीजा पाने का कोई मौका नहीं है, यानी वो वहीं रहने को मजबूर हैं जहां वो पैदा हुए हैं, और उन्हें विदेश यात्रा का कोई मौका नहीं मिलता। मुझे लगता है कि यहां कुछ लोग उस बात से जुड़ नहीं पाए।"

मुझे आज भी डंकी फिल्म पर बहुत गर्व है

मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद, डायरेक्टर का कहना था कि फिल्म के बारे में उनके अपने आकलन में कोई निराशा नहीं थी। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि मैं फिल्म से जुड़ा हुआ नहीं हूं; मुझे अभी भी इस फिल्म पर बहुत गर्व है। लेकिन अगर आप कुछ चीजों से जुड़ाव महसूस नहीं करते, तो उनका आप पर कम असर होता है। हर फिल्ममेकर की जिंदगी में ऐसा उतार-चढ़ाव आता है, कुछ फिल्में ज्यादा दर्शकों पर असर डालती हैं, तो कुछ कम पर।

डंकी के बारे में

जानकारी के लिए बता दें कि अभिजात जोशी, राजकुमार हिरानी और कनिका ढिल्लों के सह-लेखन वाली 'डंकी' 21 दिसंबर 2023 को रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी पंजाब के एक छोटे से शहर के चार दोस्तों और लंदन जाने की उनकी कोशिशों की कहानी है। जब वो पैसे की कमी और इंग्लिश बोलने की दिक्कतों के कारण वीजा इंटरव्यू क्वालीफाई नहीं कर पाते, तो वो लंदन जाने के लिए गैर-कानूनी रास्ते का सहारा लेते हैं, जिसे आम तौर पर 'डंकी रूट' कहा जाता है। शाहरुख के अलावा, फिल्म में तापसी पन्नू, विक्की कौशल, बोमन ईरानी, ​​विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर भी हैं। बता दें कि 'डंकी' को शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की कंपनी 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट', 'राजकुमार हिरानी फिल्म्स' और 'जियो स्टूडियोज' ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।

Published on:
25 Jun 2026 03:48 pm