
Rajpal Yadav On Akshay Kumar Pushing Him Aside: हाल ही में फिल्म 'भूत बंगला' के प्रमोशन के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अभिनेता अक्षय कुमार को अभिनेता राजपाल यादव को साइड में खड़े होने का इशारा करते देखा गया। इस वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर कई तरह की अटकलें लगने लगीं और कुछ यूज़र्स ने इसे अपमानजनक व्यवहार तक बता दिया। हालांकि अब खुद राजपाल यादव ने इस पूरे विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है और सच्चाई सामने रख दी है।
राजपाल यादव ने एक इंटरव्यू में साफ किया कि उस दिन की घटना को गलत तरीके से समझा गया। उन्होंने बताया कि प्रमोशन के दौरान एकता कपूर, कनिका मान और प्रियंका चाहर चौधरी पहले से मौजूद थीं और वे थोड़ी देर से पहुंचे थे। जैसे ही वो जल्दी-जल्दी आकर ग्रुप के बीच खड़े हुए, तब अक्षय कुमार ने सिर्फ फोटो की सही फ्रेमिंग के लिए उन्हें साइड में खड़े होने को कहा।
राजपाल यादव के मुताबिक, ये कोई व्यक्तिगत टिप्पणी या व्यवहार नहीं था, बल्कि सिर्फ प्रोफेशनल व्यवस्था का हिस्सा था ताकि तस्वीर संतुलित दिखाई दे सके।
राजपाल यादव ने आगे बताया कि अक्षय कुमार का ये स्वभाव रहा है कि वो ग्रुप फोटो में महिलाओं को बीच में जगह देते हैं। उन्होंने कहा कि जब तीन अभिनेत्रियां और दो अभिनेता मौजूद थे, तो स्वाभाविक रूप से अभिनेत्रियों को बीच में खड़ा किया गया और दोनों पुरुष कलाकार किनारों पर खड़े हुए।
उन्होंने ये भी कहा कि दूर से देखने पर लोगों को ये गलतफहमी हो सकती है, लेकिन वास्तविकता में ये सम्मानजनक सोच का हिस्सा था।
राजपाल यादव और अक्षय कुमार की दोस्ती नई नहीं है। दोनों कलाकारों ने पहली बार साथ में 'मुझसे शादी करोगी' में काम किया था और उसके बाद कई यादगार फिल्मों में साथ नजर आए। इनमें 'हेरा फेरी', 'भागम भाग', 'भूल भुलैया' और 'खट्टा-मीठा' जैसी फिल्में शामिल हैं। ताहिर जासूस समेत कई पैपराजी पेज पर अक्षय कुमार और राजपाल यादव के कई वीडियोज वायरल हो रहे हैं।
राजपाल यादव ने कहा कि इतने लंबे समय के साथ काम करने के दौरान दोनों कलाकारों ने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों के बीच हमेशा आपसी सम्मान और स्नेह रहा है।
वायरल वीडियो के बाद फैली अफवाहों पर विराम लगाते हुए राजपाल यादव ने ANI से बात करते हुए साफ शब्दों में कहा कि अक्षय कुमार उन्हें बेहद पसंद करते हैं और वो खुद भी उनसे प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों कलाकार एक-दूसरे की एक्टिंग शैली को समझते हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।
फिल्म 'भूल भुलैया' का निर्देशन मशहूर फिल्मकार प्रियदर्शन कर रहे हैं। इस फिल्म में तब्बू और वामिला गब्बी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। दर्शकों को उम्मीद है कि अक्षय कुमार और राजपाल यादव की यह जोड़ी एक बार फिर हंसी और रोमांच का बेहतरीन मिश्रण पेश करेगी।