Shabana Azmi Warned Before Marrying Javed Akhtar: बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी ने हाल ही में लेखक जावेद अख्तर के साथ अपनी शादी की सालगिरह को लेकर बात की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
Shabana Azmi Warned Before Marrying Javed Akhtar: हिंदी सिनेमा के सबसे चर्चित कपल्स में शुमार शबाना आजमी और जावेद अख्तर अपनी शादी की 41वीं सालगिरह मना रहे हैं। चार दशक से ज्यादा समय साथ बिताने के बावजूद इनका रिश्ता आज भी चर्चा में रहता है। हाल ही में एक बातचीत के दौरान शबाना ने अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया, जिसमें उनकी मां की चेतावनी और जावेद अख्तर का अनोखा अंदाज दोनों शामिल हैं।
शबाना आजमी ने 'मोजो स्टोरी' से बातचीत में बताया कि जब वो जावेद अख्तर के करीब आ रही थीं, तब उनकी मां ने उन्हें सावधान किया था। उनका मानना था कि शायर और लेखक अपने लफ्जों से दिल जीत लेते हैं, इसलिए उनसे संभलकर रहना चाहिए। मां ने साफ तौर पर कहा था कि कवि की बातों में बहना आसान होता है, लेकिन भावनाओं के जाल में फंसना नहीं चाहिए।
हालांकि, वक्त के साथ शबाना को एहसास हुआ कि जावेद का व्यक्तित्व सिर्फ शब्दों तक सीमित नहीं है। उनके व्यवहार और संवेदनशीलता ने इस रिश्ते को गहराई दी।
रिश्ते के शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए शबाना ने एक खास घटना सुनाई। उन्होंने बताया कि एक बार दोनों कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में एक फूलों की दुकान दिखी। फूलों की खूबसूरती देख उन्होंने यूं ही तारीफ कर दी। जावेद अख्तर ने बिना देर किए गाड़ी रोकी और पूरी दुकान के फूल खरीद लिए।
शबाना ने हंसते हुए कहा कि उसी पल उन्हें लगा कि वह इस शख्स के प्यार में पूरी तरह डूब चुकी हैं। हालांकि जावेद ने इस घटना को बहुत बड़ा बनाकर पेश करने से इंकार किया और इसे सामान्य बात बताया, लेकिन शबाना के लिए वह लम्हा बेहद खास बन गया।
दिलचस्प बात ये है कि शबाना अक्सर मजाक में कहती रही हैं कि जावेद अख्तर भले ही सिनेमा के लिए अनगिनत रोमांटिक गीत लिख चुके हों, लेकिन निजी जिंदगी में वह ज्यादा रोमांटिक नहीं हैं। इस बार भी उन्होंने यही दोहराया। वहीं जावेद का कहना है कि फिल्मों की तरह प्यार किसी एक खास पल में नहीं होता, बल्कि धीरे-धीरे परिपक्व होता है।
चार दशक के वैवाहिक जीवन में मतभेद होना स्वाभाविक है। दोनों ने स्वीकार किया कि उनके बीच बहसें होती हैं, क्योंकि वे स्वतंत्र सोच रखने वाले लोग हैं। लेकिन उन्होंने एक तरीका विकसित किया है- जब बात ज्यादा बढ़ने लगती है, तो वे एक खास शब्द बोलकर बहस को वहीं रोक देते हैं। कुछ समय बाद, जब दोनों शांत होते हैं, तब उसी मुद्दे पर फिर से चर्चा करते हैं।शबाना के अनुसार, इस तरीके ने उनके रिश्ते को अनावश्यक कड़वाहट और पछतावे से बचाया है।
आज जब शबाना आजनी और जावेद अख्तर अपने 41 साल पूरे कर चुके हैं, तो उनकी प्रेम कहानी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गई है। यह कहानी बताती है कि प्यार केवल बड़े इज़हारों में नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, समझ और धैर्य में भी बसता है।