
Zeenat Aman on 70s Bollywood: बॉलीवुड के 70 के दशक में दिग्गज अदाकारा जीनत अमान को एक 'बोल्ड' एक्ट्रेस के तौर पर जाना जाता था जो 'Scandalous' (विवादास्पद) रोल करती थीं। इतना ही नहीं जीनत को उस दौर की सबसे बिंदास एक्ट्रेस माना जाता था, बावजूद इसके कि उन्होंने उस दौर में कई तरह के रोल किए थे, फिर भी बोल्ड एक्ट्रेस की उनकी इमेज उनके साथ हमेशा जुड़ी रही।
हाल ही एक इंटरव्यू में जीनत अमान ने अपने नाम से जुड़े सभी टैग्स के बारे में खुलकर बात की और बताया कि जब लोग असल जिंदगी में उनसे मिलते थे, तो वे हमेशा हैरान रह जाते थे कि वो अपनी ऑन-स्क्रीन इमेज से कितनी अलग थीं। उन्होंने यह भी बताया कि भले ही वह क्रिएटिव प्रोसेस में योगदान देना चाहती थीं, लेकिन फिल्ममेकर्स को सिर्फ इस बात में इंटरेस्ट था कि वो अपने लुक्स और बॉडी के जरिए क्या पेश कर सकती हैं।
हाल ही में उन्होंने शुभ्रा अयप्पा के यूट्यूब चैनल पर बताया, "मुझे हमेशा लगा कि मेरे बारे में जो दिखाया जाता था और मैं असल में जैसी थी, उसमें बहुत फर्क था। सेक्स सिंबल का टैग लंबे समय तक मेरे साथ रहा। जब लोग मुझसे मिलते थे, तो उन्हें समझ आता था कि मैं असल में उन किरदारों जैसी बिल्कुल नहीं थी जिन्हें मैंने निभाया था।"
जीनत ने बताया कि उस दौर में सेट पर शायद ही कोई फीमेल एक्ट्रेस होती थी, इसलिए ज्यादातर वक्त, सिर्फ वो और उनकी हेयरड्रेसर हीसाथ में होती थीं, बाकी सब आदमी ही होते थे। लीड एक्ट्रेस होने के बावजूद, उन्हें अपने किरदारों को बनाने या उन्हें कैसे दिखाया जाए, इस प्रोसेस में कभी शामिल नहीं किया जाता था। उन्होंने बताया कि फिल्ममेकर्स को सिर्फ इस बात की चिंता होती थी कि, 'मैं कैसी दिखूंगी। "किसी को इस बात से कोई मतलब नहीं था कि मैं समझदार भी हूं और संजीदा किरदार भी निभा सकती हूं। उन्हें बस इस बात में रूचि थी कि मैं गाऊंगी, नाचूंगी, दो-चार डायलॉग बोलूंगी, बारिश में भीगूंगी और क्लीवेज दिखाऊंगी, बस काम खतम।"
इसके आगे जीनत अमान ने बताया कि जब वो कई साल अमेरिका में रहने के बाद भारत आईं, तो उन्हें ग्लोबल फैशन की समझ थी क्योंकि वो हॉलीवुड के ट्रेंड्स से अच्छी तरह वाकिफ़ थीं। लेकिन जब बात भारतीय फिल्मों में उनकी स्टाइलिंग और कॉस्ट्यूम की आती थी, तो ये उनके ड्रेस डिजाइनर, जैसे भानु अथैया के साथ मिलकर किया गया काम होता था। जब जीनत अमान से पूछा गया कि क्या फिल्मों में उनकी राय को महत्व दिया जाता था या उन्हें ज्यादा बोल्ड होने की वजह से नजरअंदाज किया जाता था, तो उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं था। उनके मुताबिक, वह हमेशा अपने काम में संतुलन रखती थीं, लेकिन कई बार फिल्म मेकर्स अपनी तरफ से ज्यादा ग्लैमरस और बोल्ड दिखाने वाली चीजें जोड़ना चाहते थे। उन्होंने बताया कि कुछ फिल्मों में ज्यादा क्लीवेज या पीठ दिखाने वाले सीन्स की मांग प्रोडक्शन टीम की तरफ से आती थी।
हालांकि, आज भी समान वेतन (पे पैरिटी) के मुद्दे पर काफी चर्चा होती है, लेकिन जीनत के समय में भी हालात कुछ अलग नहीं थे और उन्होंने बताया कि इसकी मुख्य वजह समाज की पुरुष-प्रधान सोच थी। उन्होंने कहा, "सच कहूं तो, मुझे लगता है कि पैसे से जुड़े फैसले ज्यादातर पुरुषों के हाथ में होते हैं। पैसे का जिम्मा पुरुषों के पास होता है और समाज आज भी पुरुष-प्रधान है, और कोई भी कमर्शियल फिल्म इसी बात को ध्यान में रखकर बानी जाती है।" इसके आगे उन्होंने कहा कि हालांकि, बीते सालों में इसमें बदलाव जरूर आए हैं, लेकिन ये बदलाव बहुत धीमे रहे हैं।
जीनत अमान को 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'डॉन', 'सत्यम शिवम सुंदरम', इन्साफ का तराजू जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। जीनत अमान नेटफ्लिक्स की वेबसीरीज The Royals में भूमि पेडनेकर के साथ नजर आयीं थीं। इसके अलावा मनीष मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई एक मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बन टिक्की' में जीनत दिखाई देंगी। बता दें इस फिल्म में उनके साथ शबाना आजमी और अभय देओल भी नजर आएंगे।
इसके अलावा हाल ही में जीनत अमान का हालिया प्रोजेक्ट सस्पेंस थ्रिलर सीरीज 'मरगाओ फाइल्स - द अनसॉल्व्ड केस' है, जो 12 जून, 2026 को प्रसार भारती के OTT प्लेटफॉर्म 'वेव्स' पर रिलीज हुई। कपिल कौस्तुभ शर्मा के निर्देशन में बनी इस मर्डर इन्वेस्टिगेशन सीरीज में जीनत अमान ने कई बेहतरीन कलाकारों के साथ एक अहम भूमिका निभाई है।