
Bulandshahr News: बुलंदशहर में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोनू को मुठभेड़ में मार गिराया। उस पर नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप था। गुलावठी क्षेत्र के छपरावत गांव के पास हुई कार्रवाई में स्वाट (SWAT) टीम के दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मोनू ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। जिसके बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोनू गुलावठी थाना क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद गुलावठी और सिकंदराबाद थाने की पुलिस ने स्वाट टीम के साथ मिलकर गांव छपरावत के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही मोनू ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के दौरान मोनू को गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान मोनू का एक साथी भी उसके साथ मौजूद था। फायरिंग के बीच वह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश में आसपास के इलाके में कॉम्बिंग शुरू कर दी है। मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरी जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, मोनू पर एक अगस्त को चोला थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप था। आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद मोनू फरार हो गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। गिरफ्तारी नहीं होने पर मोनू पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश मोनू ने एक अगस्त को चोला थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी थी। उसके बाद से ही बदमाश वांछित चल रहा था। जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। शनिवार देर रात पुलिस की बदमाश मोनू से गुलावठी थाना क्षेत्र में गांव छपरावत के पास मुठभेड़ हुई।
बदमाश मोनू ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें बदमाश मोनू को गोली लग गई। घायल अवस्था में बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। स्वाट टीम, थाना गुलावठी पुलिस, थाना ककोड़ पुलिस,थाना सिकंदराबाद पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यह कार्यवाही की गई है।
मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के दरोगा समेत दो पुलिसकर्मियों को गोली लगने से चोट आई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।