कारोबार

Bajaj Auto के 5,633 करोड़ के Share buyback में कितना मिल सकता है रिटर्न, क्या करना चाहिए आपको निवेश?

Share Buyback: बजाज ऑटो का 5,633 करोड रुपये का बायबैक निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर माना जा रहा है। 12,000 रुपये प्रति शेयर के ऑफर से रिटेल निवेशकों को बेहतर लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।

2 min read
Jun 22, 2026
Bajaj Auto Share Buyback Offer
Bajaj Auto के शेयर बायबैक के लिए Record Date 24 जून है। (PC: AI)

Bajaj Auto Share Buyback: बजाज ऑटो लिमिटेड ने अपने अब तक के सबसे बड़े शेयर बायबैक के लिए 24 जून को रिकॉर्ड डेट तय की है। विश्लेषकों का अनुमान है कि निवेशकों को लगभग 11 फीसदी रिटर्न मिल सकता है। कंपनी ने मई में 5,633 करोड रुपये तक के बायबैक को मंजूरी दी थी। इसके तहत 46.94 लाख शेयर 12,000 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे जाएंगे।

इस समय बाजार में बजाज ऑटो के शेयर की कीमत 10,208 रुपये पर ट्रेंड कर रही है। ऐसे में यह शेयर बाजार वैल्यू के मुकाबले प्रीमियम रेट पर खरीदा जाएगा, इसी कारण निवेशकों में बायबैक को लेकर रुचि देखी जा रही है।

निवेशकों को कितना मिल सकता है रिटर्न?

कंपनी ने अभी तक एंटाइटलमेंट रेश्यो की घोषणा नहीं की है। SBI सिक्योरिटीज में फंडामेंटल रिसर्च के हेड सनी अग्रवाल के अनुसार, 12,000 रुपये के बायबैक प्राइस पर कोई निवेशक अधिकतम 17 शेयर खरीदकर स्मॉल शेयरहोल्डर कैटेगरी में पात्र हो सकता है। उनके मुताबिक अगर 55 प्रतिशत एक्सेप्टेंस रेश्यो को आधार मानें तो 17 में से लगभग 9 शेयर बायबैक में स्वीकार हो सकते हैं। ऐसे में यदि बचे हुए 8 शेयरों का बाजार मूल्य 10,000 रुपये के आसपास बना रहता है, तो कुल निवेश पर लगभग 10.6 प्रतिशत रिटर्न संभव है। यदि शेयर कीमत बढ़ती है या एक्सेप्टेंस रेशियो अधिक रहता है, तो लाभ और बेहतर हो सकता है।

बायबैक से क्या होगा फायदा?

कंपनी के मूल कारोबार की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है। घरेलू बाजार में मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो के नए मॉडल मांग को समर्थन दे रहे हैं। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E-2W) सेगमेंट में कंपनी मजबूत ग्रोथ दर्ज कर रही है और देश के प्रमुख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माताओं में शामिल है। एक्सपोर्ट मार्केट में भी मांग बेहतर बनी हुई है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि बायबैक केवल शेयरधारकों को लाभ देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मेनेजमेंट के कॉन्फिडेंस, मजबूत बैलेंस शीट और अच्छे कैश फ्लो का संकेत भी है। इससे प्रति शेयर आय में सुधार की संभावना भी बढ़ती है।

पिछले एक साल का रिटर्न कितना है?

बजाज ऑटो के शेयरों ने पिछले एक महीने में करीब 1 फीसदी की मामूली गिरावट दर्ज की है। हालांकि, साल 2026 में अब तक यह शेयर लगभग 5 फीसदी का रिटर्न दे चुका है। लंबी अवधि के निवेशकों के लिए बजाज ऑटो का प्रदर्शन मजबूत रहा है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में करीब 18 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 2.8 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।

Published on:
22 Jun 2026 02:50 pm