
KOEL के शेयरों में जोरदार तेजी आई है। (PC: AI)
Share Market: सोमवार को किर्लोस्कर ऑयल इंजंस (KOEL) के शेयर में 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा है। कंपनी को हाइपरनेक्स्ट (HyperNext) से 192 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर पावर सिस्टम का बड़ा ऑर्डर मिला है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह सौदा सिर्फ एक ऑर्डर नहीं, बल्कि भारत की डेटा सेंटर इंडस्ट्री में कंपनी की बड़ी एंट्री का संकेत है। इसी वजह से कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी हुई और यह 52 हफ्ते के हाई लेवल पर पहुंच गया।
सोमवार के कारोबार में किर्लोस्कर ऑयल इंजंस का शेयर करीब 20 फीसदी उछलकर 2,390 रुपये पर पहुंच गया। बीएसई पर यह 52 सप्ताह के न्यू हाई पर पहुंच गया है। कंपनी ने 19 जून को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि उसे हाइपरनेक्स्ट से 192 मेगावाट क्षमता का ऑर्डर मिला है, जिसमें उसके 2,500 kVA ऑप्टिप्राइम डुअल कोर पावर सिस्टम की 96 यूनिट्स शामिल हैं।
JM फाइनेंशियल के मुताबिक, डेटा सेंटर पावर सिस्टम बाजार में अब तक अमेरिकी कंपनी कमिंस (Cummins) का दबदबा माना जाता रहा है, जिसकी बाजार हिस्सेदारी 80 फीसदी से अधिक आंकी जाती है। ऐसे में किसी बड़े हाइपरस्केल डेटा सेंटर ऑपरेटर से KOEL को मिला यह ऑर्डर कंपनी के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है।
कंपनी के अनुसार, यह भारत के हाइपरस्केल डेटा सेंटर क्षेत्र में हाई-कैपेसिटी पावर सिस्टम की सबसे बड़ी तैनातियों में से एक है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे यह संकेत मिलता है कि KOEL और कमिंस के बीच टेक्नोलॉजी अंतर तेजी से कम हो रहा है। इससे पहले कंपनी का यही उत्पाद मुंबई स्थित एक बड़े बैंक के डेटा सेंटर में इस्तेमाल हो चुका है, लेकिन HyperNext का ऑर्डर अधिक बड़ा और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
JM फाइनेंशियल ने इस खबर के बाद शेयर पर अपनी रेटिंग अपग्रेड कर BUY कर दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि KOEL का 2,500 kVA ऑप्टिप्राइम सिस्टम कमिंस के फैमस QSK65 प्लेटफॉर्म के बराबर क्षमता रखता है। इसी आधार पर उसने शेयर का टार्गेट प्राइस बढ़ाकर 2,430 रुपये कर दिया है।
वहीं, मोतीलाल ओसवाल ने भी BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए टार्गेट प्राइस 1,900 रुपये से बढ़ाकर 2,350 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2029 तक कंपनी का रेवेन्यू 23 फीसदी की कंपाउंड एनुअल रेट से बढ़ सकता है। जबकि EBITDA और मुनाफे में क्रमश: 29 फीसदी और 32 फीसदी की वृद्धि हो सकती है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमभरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
22 Jun 2026 11:55 am
Published on:
22 Jun 2026 11:53 am
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
