कारोबार

Aadhaar Update: UIDAI फ्री कर रहा है आधार मोबाइल ऐप में 1 जुलाई से ईमेल अपडेट की सुविधा, जानिए प्रोसेस

Aadhaar Email Update: UIDAI ने आधार मोबाइल एप के जरिए ईमेल आईडी अपडेट करने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक माफ कर दी है। कोई भी अपने आधार में ईमेल को अपडेट कर सकता है। यह सुविधा सिर्फ आधार एप के जरिए मिलेगी।

2 min read
Jun 22, 2026
Free Aadhaar Email Verification
Aadhaar Mobile App के जरिए फ्री में ईमेल अपडेट की जा सकती है। (PC: AI)

Free Aadhaar Update: यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने घोषणा की है कि 1 जुलाई 2026 से आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल एड्रेस अपडेट करने पर लगने वाला 75 रुपये का शुल्क नहीं लिया जाएगा। लेकिन यह छूट सीमित समय के लिए रहेगी। आधार कार्ड देश के सबसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेजों में शामिल है। बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और विभिन्न सत्यापन प्रक्रियाओं में इसका व्यापक उपयोग किया जाता है। ऐसे में यह घोषणा आधार धारकों के लिए महत्वपूर्ण है।

क्या है नई सुविधा?

ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एक नोटिफिकेशन जारी करके इस मुफ्त सुविधा की जानकारी दी है। फिलहाल आधार में ईमेल पता अपडेट करने के लिए 75 रुपये की फीस देनी पड़ती है। रिपोर्ट के मुताबिक 1 जुलाई 2026 से लेकर 31 दिसंबर 2026 तक आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कराने वाले लोगों को यह फीस नहीं देनी पड़ेगी।

यह छूट केवल आधार मोबाइल एप के माध्यम से किए गए ईमेल अपडेट पर लागू होगी। यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य माध्यम से ईमेल एड्रेस अपडेट कराता है, तो उस पर 75 रुपये का शुल्क लग सकता है। ईमेल आईडी आधार से जुड़ी होने पर महत्वपूर्ण सूचनाएं और अपडेट समय पर प्राप्त होते रहते हैं।

जानिए ईमेल अपडेट करने का पूरा प्रोसेस

सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में आधार मोबाइल एप इंस्टॉल करें। एप में लॉगिन करने के बाद प्रोफाइल सेक्शन में जाएं और ईमेल अपडेट विकल्प चुनें। इसके बाद नई ईमेल आईडी दर्ज करें और स्क्रीन पर दिखाई देने वाले निर्देशों का पालन करें। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका अनुरोध सबमिट हो जाएगा। यूजर अपने अनुरोध की स्थिति भी एप के माध्यम से ट्रैक कर सकते हैं। 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक इस प्रक्रिया के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।

आधार ऐप पर मिलने वाली सुविधाएं

ईमेल आईडी अपडेट के अलावा आधार ऐप से मोबाइल नंबर अपडेट, पता अपडेट, ई-आधार डाउनलोड, अपडेट हिस्ट्री चेक करना और नए अपडेट की स्थिति ट्रैक करने जैसी कई सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके लिए आधार संख्या और आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर की जरूरत होगी। आधार मोबाइल ऐप से यूजर्स के लिए डिजिटल सेवाओं का उपयोग और अधिक आसान होने की उम्मीद है।

Published on:
22 Jun 2026 05:27 pm