
बड़ी संख्या में युवा प्रोफेशनल्स सेविंग्स न होने की शिकायत कर रहे हैं। (PC: AI)
Personal Finance: 20 लाख रुपये सालाना कमाने के बावजूद अगर किसी व्यक्ति की बचत जीरो हो, तो यह सुनकर कई लोग हैरान हो सकते हैं। लेकिन हकीकत यह है कि अच्छी सैलरी हमेशा मजबूत वित्तीय स्थिति की गारंटी नहीं होती। एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर अपनी स्टोरी शेयर की है, जिसने कई लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। 30 साल का यह युवक आईटी सेक्टर में काम करता है और उसकी सालाना आय करीब 20 लाख रुपये है। इसके बावजूद उसके पास फिलहाल कोई बचत नहीं है। उसने बताया कि वह एक साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आता है और इस समय पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर है।
युवक के मुताबिक, कुछ समय पहले उसने अपने घर की मरम्मत पर करीब 14 लाख रुपये खर्च किए थे। खास बात यह रही कि यह पूरा खर्च उसने बिना किसी लोन के किया। इसके चलते उसकी जमा पूंजी लगभग खत्म हो गई।
अब जॉब मार्केट में बढ़ती अनिश्चितता ने इस युवक की चिंता बढ़ा दी है। रेडिट पोस्ट पर उसने कहा कि सिर्फ नौकरी से मिलने वाली इनकम पर निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में वह जानना चाहता है कि जीरो सेविंग्स की स्थिति से निवेश और वेल्थ क्रिएशन की शुरुआत कैसे की जाए। उसने यह भी बताया कि उसके पास न कोई बीमा पॉलिसी है और न ही किसी तरह की वित्तीय योजना है।
पोस्ट वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस व्यक्ति को सबसे पहले इंश्योरेंस लेने की सलाह दी। अधिकांश यूजर्स का मानना था कि परिवार का एकमात्र कमाने वाला होने के कारण उसे तुरंत टर्म इंश्योरेंस लेना चाहिए। साथ ही हेल्थ इंश्योरेंस भी जरूरी है, ताकि किसी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में वित्तीय दबाव न बढ़े।
कई यूजर्स ने सुझाव दिया कि निवेश शुरू करने से पहले कम से कम छह महीने के खर्च के बराबर इमरजेंसी फंड तैयार करना चाहिए। इससे नौकरी जाने या किसी अप्रत्याशित परिस्थिति में आर्थिक संकट से बचा जा सकता है।
कुछ यूजर्स ने उसे इंडेक्स फंड में नियमित निवेश शुरू करने की सलाह दी। वहीं, कई लोगों ने कहा कि फिलहाल उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता आय बढ़ाने और करियर में आगे बढ़ने की होनी चाहिए। नई स्किल सीखना और खुद पर निवेश करना भविष्य में ज्यादा कमाई का रास्ता खोल सकता है।
दिलचस्प बात यह रही कि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उसकी तारीफ भी की। उनका कहना था कि परिवार के लिए बिना कर्ज लिए 14 लाख रुपये खर्च करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। ऐसे लोगों ने उसे हौसला देते हुए कहा कि उसने अब तक जो किया है, वह गलत नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का उदाहरण है।
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स भी अक्सर यही सलाह देते हैं कि निवेश की शुरुआत करने से पहले तीन बुनियादी चीजें पूरी कर लेनी चाहिए। पहला, पर्याप्त टर्म और हेल्थ इंश्योरेंस। दूसरा, मजबूत इमरजेंसी फंड। तीसरा, नियमित बचत और निवेश की आदत। इन तीन कदमों के बाद ही लॉन्ग टर्म वेल्थ क्रिएशन की जर्नी आसान होती है।
Published on:
20 Jun 2026 05:02 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
