कारोबार

40 लाख निष्क्रिय PF खातों में पड़ें हैं 9,330 करोड़ रुपये, अब पुराने अकाउंट्स को खोजने के लिए EPFO ने बनाया नया पोर्टल

EPFO Aadhaar Authentication Portal: EPFO का नया आधार आधारित डिजिटल पोर्टल कर्मचारियों को पुराने और निष्क्रिय PF अकाउंट खोजने में मदद करेगा। इससे पुराने खातों की राशि को वर्तमान UAN से जोड़ना आसान हो सकता है।
2 min read
Aug 04, 2026
PF Nomination After Marriage
सरकार ने पुराने पीएफ खातों को खोजने के लिए नया पोर्टल बनाया है। (फोटो: AI)

EPFO News: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने कर्मचारियों को उनके पुराने या इनएक्टिव प्रोविडेंट फंड (PF) अकाउंट्स का पता लगाने में मदद करने के लिए आधार-बेस्ड एक नया डिजिटल पोर्टल बनाया है। क्योंकि साल 2014 से पहले नौकरी बदलने वाले कई कर्मचारियों के अलग अलग PF अकाउंट बन गए थे, जिनका रिकॉर्ड बाद में जुड़ नहीं पाया। ऐसे में इस नए पोर्टल से कर्मचारियों को अपने पुराने EPF खातों को खोजने और उनका पैसा वर्तमान खाते में ट्रांसफर करने में मदद मिलेगी।

नया EPFO पोर्टल कब होगा शुरू

आधार आधारित EPFO पोर्टल तैयार किया जा चुका है, लेकिन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अभी तक इसके आधिकारिक लॉन्च की तारीख, वेबसाइट पता और पूरी दस्तावेज सूची जारी नहीं की है। लॉन्च के बाद यह सुविधा पुराने PF खातों को खोजने की प्रक्रिया को आसान बना सकती है।

30.9 लाख से अधिक EPFO खाते बंद है

एक RTI जवाब के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक 30.9 लाख से अधिक निष्क्रिय EPF खातों में करीब 9,330 करोड़ रुपये की बिना क्लेम वाली राशि जमा थी। दरअसल, 2014 में UAN के आने से पहले, हर एम्प्लॉयर कर्मचारियों को एक अलग EPF मेंबर ID जारी करता था। जब कर्मचारी नौकरी बदलते थे, तो अक्सर नए एम्प्लॉयर के तहत एक नया PF अकाउंट बनाया जाता था। UAN के आने के बाद, EPFO ​​ने कई मेंबर ID को एक ही अकाउंट से लिंक करना शुरू कर दिया। जिन कर्मचारियों ने 2014 से पहले नौकरी बदली थी, उनमें से कई ने या तो अपने पुराने अकाउंट्स को कभी लिंक नहीं किया या उन्हें अपनी पिछली मेंबर ID याद नहीं है। ऐसे में नया पोर्टल ऐसे खातों को पहचानने और कर्मचारियों तक उनकी राशि पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कैसे काम करेगा नया पोर्टल?

नए आधार आधारित पोर्टल के माध्यम से कर्मचारी अपनी पहचान की पुष्टि आधार ऑथेंटिकेशन से कर सकेंगे। इसके बाद सिस्टम कर्मचारी की जानकारी के आधार पर पुराने EPF खातों की खोज करेगा। अगर पुराने खाते मिल जाते हैं तो कर्मचारी उन्हें अपने वर्तमान यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जोड़ने या खाते के निपटारे के लिए आवेदन कर सकेंगे।

पुराने PF खाते के लिए जरूरी दस्तावेज

PF सेवाओं के लिए कर्मचारियों को आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, पुराने EPF खाते की जानकारी, नियोक्ता का विवरण, पैन कार्ड और वर्तमान UAN से जुड़े बैंक खाते की जानकारी की जरूरत पड़ सकती है।

Updated on:
04 Aug 2026 05:41 pm
Published on:
04 Aug 2026 05:41 pm