कारोबार

EPFO पोर्टल में अपग्रेड के साथ आए कई बदलाव, नहीं है UAN एक्टिवेशन की सुविधा, UMANG App से होंगे कई काम

UAN Activation Service: EPFO पोर्टल अब अपग्रेड होने के बाद फिर से शुरू हो गया है। अपग्रेड पोर्टल पर अब नया UAN प्राप्त करने और उसे एक्टिव करने की सेवा उपलब्ध नहीं होगी। इसके लिए कर्मचारी को UMANG ऐप डाउनलोड करना होगा।
2 min read
Jul 04, 2026
EPFO Portal New Upgrade
EPFO पोर्टल अपडेट होने के बाद फिर से शुरू हो गया है। (फोटो: AI)

EPFO Portal New Upgrade: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने करीब एक सप्ताह तक चले अपग्रेड के बाद अपना यूनिफाइड मेंबर पोर्टल फिर से शुरू कर दिया है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को एक्टिव करने और नया UAN बनाने की सुविधा EPFO की वेबसाइट पर नहीं मिलेगी। इसके लिए अब कर्मचारियों को सरकार के UMANG ऐप का इस्तेमाल करना होगा।

पोर्टल में किए गए बड़े बदलाव

EPFO ने सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद नया पोर्टल शुरू कर दिया है। ऑर्गेनाइजेशन का कहना है कि इससे ऑनलाइन सेवाएं पहले से ज्यादा तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद होंगी। अपग्रेड के साथ पोर्टल का इंटरफेस भी बदला गया है। दो मुख्य बदलाव इस प्रकार हैं।

  • पहले सदस्य EPFO के यूनिफाइड मेंबर पोर्टल से अपना UAN एक्टिव कर सकते थे, लेकिन अब यह सुविधा बंद कर दी गई है। अब UAN एक्टिव करने के लिए UMANG ऐप डाउनलोड करके, उसमें EPFO Services के विकल्प को चुनना होगा। इसके बाद UAN Services Through Face Auth विकल्प आएगा। इसके बाद UAN Activation पर जाकर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। इस प्रकार मेंबर अपने UAN नबंर को एक्टिव कर सकते हैं।
  • दूसरा जरूरी काम है नया UAN प्राप्त करना। यह भी अब पोर्टल पर बंद कर दिया गया है। अब जिन कर्मचारियों को नया UAN चाहिए, उन्हें UMANG ऐप में EPFO Services के तहत UAN Allotment and Activation विकल्प चुनना होगा। इसके बाद आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करने के बाद नया UAN जारी किया जाएगा।

डेथ क्लेम की सुविधा पोर्टल पर रहेगी

UAN से जुड़ी सेवाएं भले ही UMANG ऐप पर चली गई हों, लेकिन EPFO ने ऑनलाइन डेथ क्लेम दाखिल करने की सुविधा अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर जारी रखी है। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, सदस्य का मृत्यु प्रमाण पत्र, कैंसल चेक या बैंक पासबुक और जहां जरूरी हो वहां जन्मतिथि का प्रमाण देना होगा।

PF खाता है, लेकिन UAN नहीं तो क्या करें

जिन कर्मचारियों का EPF खाता पहले से है, लेकिन उन्हें अभी तक UAN नहीं मिला है, वे भी UMANG ऐप के जरिए इसे प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर सत्यापित करना होगा, जरूरी जानकारी भरनी होगी और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद UAN उनके मौजूदा EPF खाते से जोड़ दिया जाएगा।

भूल गए हैं UAN तो ऐसे मिलेगा वापस

अपग्रेड किए गए पोर्टल में UAN वापस पाने की प्रक्रिया पहले से आसान कर दी गई है। इसके लिए सदस्य को अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, पहचान या पते से जुड़ा जरूरी दस्तावेज अपलोड करना होगा और मोबाइल पर आए OTP से सत्यापन करना होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद UAN दोबारा प्राप्त किया जा सकेगा।

Published on:
04 Jul 2026 10:42 am