कारोबार

Post Office Vs Stock Market: पिछले 2 साल में पीपीएफ और सुकन्या समृद्धि जैसी स्कीम्स जितना रिटर्न भी नहीं दे पाया शेयर बाजार, देखिए ये आंकड़े

Share Market vs Small Saving: पिछले 2 साल के आंकड़ों से पता चलता है कि स्मॉल सेविंग स्कीम शेयर बाजार से बेहतर रिटर्न दे रही है। लेकिन लॉन्ग टर्म में इक्विटी ने हमेशा बेहतर रिटर्न दिया है।

2 min read
Jun 13, 2026
Wealth Creation for short term
Short Term के लिए Investment पर ज्यादा रिटर्न सेविंग स्कीम में मिलता दिखा है। (PC: AI)

पिछले दो सालों में स्मॉल सेविंग स्कीम ने शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड से बेहतर रिटर्न दिया है। लोग इक्विटी में निवेश इसलिए करते है, क्योंकि बैंक या पोस्ट ऑफिस से मिलने वाला रिटर्न शेयर बाजार से मिलने वाले रिटर्न से कम होता है। लेकिन पिछले दो सालों के आंकड़े इसके उलट है। निफ्टी-100 जैसा बड़ा इंडेक्स पिछले दो साल में स्मॉल सेविंग स्कीम्स के 8 फीसदी तक के रिटर्न तक भी नहीं पहुंच पाया है। आइए आंकड़ों से समझते हैं।

निफ्टी बनाम स्मॉल सेविंग स्कीम का रिटर्न

पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम्स का सालाना रिटर्न 8.2 फीसदी से लेकर 4 फीसदी तक होता है। यह फिक्स होता है, बाजार की उठा-पठक का इस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। वहीं, बात करें निफ्टी के प्रमुख इंडेक्स की तो पिछले दो सालों में इनका रिटर्न नेगेटिव भी गया है, यानी कि मूलधन में भी गिरावट देखने को मिली है।

सेविंग स्कीम से मिलने वाला रिटर्न

योजनाब्याज दर
पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट4.0%
पोस्ट ऑफिस आरडी6.70%
पोस्ट ऑफिस एमआईएस7.40%
वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS)8.20%
पीपीएफ (PPF)7.10%
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)8.20%
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (5 वर्ष)7.50%
किसान विकास पत्र (KVP)7.50%
मह‍िला सम्मान बचत प्रमाणपत्र (MSSC)7.50%
राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC)7.70%
स्रोत: पोस्ट ऑफिस वेबसाइट

शेयर मार्केट में कितना मिला रिटर्न

सूचकांक1 वर्ष CAGR2 वर्ष CAGR
निफ्टी 100-1.52%-0.15%
निफ्टी नेक्स्ट 503.99%-0.38%
निफ्टी मिडकैप 1505.19%4.39%
निफ्टी स्मॉलकैप 2509.50%1.12%
स्रोत: Nifty Indices

क्या छोटी बचत योजनाएं इक्विटी से बेहतर हैं?

इन आंकड़ों को देखकर यह लग सकता है कि इक्विटी में निवेश करना सही नहीं है। स्मॉल सेविंग स्कीम जब 7 से 8 फीसदी का रिटर्न दे रही हैं तो शेयर बाजार में निवेश से क्या लाभ? लेकिन ऐसा नहीं है, असल में सारा खेल निवेश अवधि का है। पिछले 10 सालों में निफ्टी 100 ने 11.99 फीसदी और 20 सालों में 10.64 फिसदी का सालाना रिटर्न दिया है। इसका मतलब है कि 20 साल पहले लगाया गया 1 लाख रुपया आज लगभग 9.04 लाख रुपये बन चुका होता।

किसका करें चुनाव?

ऐसे में निवेशकों को क्या चुनना चाहिए यह सवाल मन में उठता है। इसका सीधा सा जवाब है कि यदि आपको लंबे समय तक पैसों जरूरत नहीं है और आप 10 साल तक का इंतजार कर सकते हैं तो आपको इक्विटी में निवेश करना चाहिए। वहीं, यदि आने वाले 2 से 3 साल में ही आपको आपके मूलधन की जरूरत पड़ सकती है, तो आपको स्माॉल सेविंग स्कीम में निवेश करना चाहिए।

Published on:
13 Jun 2026 11:16 am