चंदौली

समाजवादी पार्टी की महिला नेता के बाल नोंचे, 10 मीटर तक घसीटा फिर जमकर पीटा; देखिए चंदौली का पूरा CCTV वीडियो

Samajwadi Party Woman Leader Assaulted: समाजवादी पार्टी की महिला नेता के बाल नोंचे गए। उन्हें 10 मीटर तक घसीटा गया और फिर जमकर पीटा गया। देखिए पूरा वायरल वीडियो।

2 min read
May 29, 2026
samajwadi party woman leader brutally beaten watch full cctv viral video from chandauli
समाजवादी पार्टी की महिला नेता के साथ मारपीट का वीडियो वायरल। फोटो सोर्स- वीडियो ग्रैब

Samajwadi Party Woman Leader Assaulted: यूपी केचंदौली जिले के पीडीडीयू नगर क्षेत्र में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष के साथ कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग घर के अंदर प्रवेश कर महिला नेता के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं।

बाल पकड़कर घसीटने और लात-घूंसों से हमला करने का आरोप

मुगलसराय क्षेत्र के मढ़िया गांव में हुई इस घटना को लेकर महिला नेता ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। उनका आरोप है कि हमलावरों ने उनके बाल पकड़कर उन्हें घसीटा और लात-घूंसों व थप्पड़ों से हमला किया।

जमीन के कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद

महिला नेता के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:24 बजे वह अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान जमीन के कारोबार से जुड़े उनके बिजनेस पार्टनर प्यारे लाल यादव वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ सपा नेता मनोज यादव, डाली, अमित यादव, उर्मिला समेत अन्य लोग भी जबरन घर में दाखिल हो गए।

कहासुनी के बाद बढ़ा मामला

शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया। महिला नेता का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए हमला किया।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख के परिवार का दावा

घटना को लेकर दूसरी तरफ से भी अलग कहानी सामने आ रही है। परिजनों का आरोप है कि महिला नेता कथित रूप से एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख के परिजन को लगातार मिलने के लिए बुला रही थीं और नहीं आने पर आत्महत्या जैसी धमकियां दे रही थीं।

मिलने पहुंचे तो बढ़ गया विवाद

बताया जा रहा है कि गुरुवार को संबंधित व्यक्ति महिला नेता से मिलने उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई।

महिला नेता ने आरोपों को बताया झूठा

महिला नेता ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि वह जमीन के कारोबार से जुड़ी हुई हैं और पूर्व ब्लॉक प्रमुख उनके कारोबारी साझेदार हैं।

रास्ते के विवाद को बताया वजह

महिला नेता के अनुसार दोनों पक्षों के बीच एक जमीन के रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे पर बातचीत के लिए संबंधित व्यक्ति उनके घर पहुंचे थे। उसी दौरान उनके परिजन वहां आ गए और उनके साथ मारपीट की।

पुलिस जांच में जुटी, कुछ लोगों से पूछताछ

पुलिसके अनुसार महिला नेता के साथ मारपीट की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मारपीट की घटना में घायल महिला नेता का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज की पुष्टि पत्रिका न्यूज टीम नहीं करती है।

Also Read
View All