चित्तौड़गढ़

Chittorgarh Congress: चित्तौड़गढ़ कांग्रेस में गुटबाजी, आंजना और जाड़ावत गुट आमने-सामने, पंचायत चुनाव में लग सकता है झटका!

चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है, जिससे संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश स्तर के निर्देश पर हुए विरोध कार्यक्रम में भी बड़े नेताओं की अनुपस्थिति ने अंदरूनी खींचतान को उजागर कर दिया।
less than 1 minute read
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को झटका (photo source- Patrika)
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को झटका (photo source- Patrika)

चित्तौड़गढ़। निजी अपेक्षाओं और ताकत दिखाने की प्रतिस्पर्धा में कांग्रेस की गुटबाजी हावी है। हर नेता अपनी ढपली, अपना राग के माहौल में नजर आ रहा है। पूर्व मंत्री ने दम दिखाकर अपने समर्थक को जिला अध्यक्ष बनवाया तो कई पूर्व विधायक और अन्य नेता अध्यक्ष के दायरे से बाहर हो गए। इसी वजह से प्रदेश कार्यालय के निर्देश पर होने वाले आयोजनों में सरकार के खिलाफ उठने वाले विरोध के सुर भी एक नहीं हैं।

चित्तौड़ जिला कांग्रेस में दो प्रमुख गुट

गौरतलब है कि चित्तौड़ जिला कांग्रेस में दो प्रमुख गुट हैं। एक निम्बाहेड़ा से विधायक रहे पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना का और दूसरा चित्तौड़ से विधायक रहे सुरेंद्र सिंह जाड़ावत का गुट है। वर्तमान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसौदिया आंजना गुट से होने के कारण जाड़ावत से उनकी पटरी नहीं बैठ रही है।

यही कारण है कि प्रदेश कांग्रेस के आदेश पर मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में हुए आयोजन में गुटबाजी हावी रही। इस जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में बैगूं से विधायक रहे राजेंद्र सिंह बिधूड़ी के अलावा एक भी पूर्व विधायक शामिल नहीं हुआ। इतना ही नहीं, चित्तौड़ शहर में हुए इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के शहर और ग्रामीण दोनों ब्लॉक अध्यक्ष भी शामिल नहीं हुए।

सिसोदिया से इनकी भी दूरी

जिला अध्यक्ष सिसोदिया के आंजना गुट से होने के कारण कांग्रेस में बड़ी दरार सामने आ रही है। सिसोदिया की न केवल जाड़ावत, बल्कि कपासन के पूर्व विधायक शंकरलाल बैरवा, बड़ी सादड़ी से पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भेरूलाल चौधरी जैसे कई वरिष्ठ नेताओं से भी पटरी नहीं बैठ रही है। ऐसे में आने वाले पंचायत और नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।

Updated on:
09 Feb 2026 05:44 pm
Published on:
09 Feb 2026 05:15 pm