ICC Player of the Month (March 2026): मार्च 2026 के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ के नॉमिनेशन्स आउट। संजू सैमसन और बुमराह के बीच छिड़ी जंग। जानें कौन है वो तीसरा खिलाड़ी जो बिगाड़ सकता है खेल?
ICC Player of the Month: अभी क्रिकेट फैंस आईपीएल 2026 के रोमांच में डूबे हुए हैं, जहां हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं और टीमें प्लेऑफ की रेस के लिए जी-जान लगा रही हैं। आईपीएल के इस शोर-शराबे के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मार्च 2026 के 'प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन्स जारी कर दिए हैं। खास बात यह है कि इस बार रेस में भारत के दो ऐसे सुपरस्टार्स हैं जिन्होंने हाल ही में टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई थी।
आईसीसी ने मेंस कैटेगरी में तीन खिलाड़ियों को चुना है: भारत के संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह और साउथ अफ्रीका के कॉनर एस्टरहुइजन।
संजू सैमसन के लिए मार्च का महीना किसी सपने जैसा रहा। वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में भले ही उन्हें मौका नहीं मिला, लेकिन जब मौका मिला तो उन्होंने इतिहास रच दिया। सुपर 8 के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ वो 97 रन पर नाबाद रहे। फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन बनाए थे। आखिर में फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ फिर से 89 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। संजू ने टीम को वर्ल्ड कप भी जिताया और साथ ही 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का खिताब भी अपने नाम किया।
जसप्रीत बुमराह की दावेदारी भी उतनी ही मजबूत है। उन्होंने बड़े मैचों में अपनी गेंदबाजी से विरोधियों की कमर तोड़ दी थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में उन्होंने 2 विकेट झटके थे। सेमीफाइनल में किफायती गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट लिया था। वहीं सबसे बड़ी और धमाकेदार परफॉरमेंस उन्होंने फाइनल में दी, बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे।
इन दोनों भारतीयों को चुनौती दे रहे हैं साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के 5 मैचों में 50 की औसत से 200 रन बनाए हैं।
महिला क्रिकेट की बात करें तो इस अवॉर्ड के लिए न्यूजीलैंड की मेली कर, ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और साउथ अफ्रीका की आयाबोंगा खाका को नॉमिनेट किया गया है। इन तीनों ने ही पिछले महीने इंटरनेशनल लेवल पर कमाल का प्रदर्शन किया है।