क्रिकेट

IND vs SA: भारत पर हमेशा भारी पड़ा है दक्षिण अफ्रीका, 16 टेस्ट सीरीज में सिर्फ चार इंडिया ने जीती, भारतीय जमीन पर आंकड़े बेहद चौंकाने वाले

भारत और दक्षिण अफ्रीका ने कुल 16 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेली हैं। इनमें दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने आठ सीरीज अपने नाम की हैं, जबकि भारत ने मात्र चार सीरीज जीती हैं।

2 min read
Nov 11, 2025
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी (Photo - BCCI/X)

India vs South Africa Test Record: क्रिकेट के लंबे प्रारूप में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच का मुकाबला हमेशा रोमांचक रहा है। दोनों टीमों के बीच टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत 1992-93 सीजन में हुई थी, जब दक्षिण अफ्रीका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी वापसी कर रहा था। तब से लेकर अब तक, दोनों देशों ने कुल 16 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेली हैं। इनमें दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने आठ सीरीज अपने नाम की हैं, जबकि भारत ने मात्र चार सीरीज जीती हैं। शेष चार सीरीज ड्रॉ पर समाप्त हुईं। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दक्षिण अफ्रीका ने भारत पर लगातार दबाव बनाए रखा है, खासकर अपनी सरजमीं पर।

ये भी पढ़ें

टी20 के बाद अब टेस्ट में भी बैटिंग पोजीशन को लेकर बवाल, पंत-जुरेल ने बिगाड़ भारतीय टीम का कॉम्बिनेशन

घरेलू मैदान पर भारत का शानदार रिकॉर्ड

कुल मिलाकर दक्षिण अफ्रीका आगे है, लेकिन जब बात घरेलू परिस्थितियों की आती है तो भारत ने कमाल का प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चारों टेस्ट सीरीज जीत अपने घरेलू मैदान पर हासिल की हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के साथ कुल सात टेस्ट सीरीज भारत में खेली हैं। इनमें से चार भारत ने जीतीं हैं, दो सीरीज ड्रा रहीं हैं और एक सीरीज दक्षिण अफ्रीका ने अपने नाम की है।

भारतीय स्पिनरों की फिरकी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के लिए अक्सर चुनौतीपूर्ण साबित हुई हैं। भारत ने 1996, 2004, 2015 और 2019 में दक्षिण अफ्रीका को घरेलू सरजमीं पर हराया। इन जीतों में कई यादगार पल शामिल हैं, जैसे कि 2015 में विराट कोहली की कप्तानी में स्पिन का जादू और 2019 में रोहित शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी।

दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका को भारत में सिर्फ एक बार सीरीज जीत मिली है। अफ्रीका ने 25 साल पहले 1999-00 में भारत को दो मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। हैंसी क्रोनिए की कप्तानी वाली टीम ने दोनों टेस्ट जीते, जिसमें जैक्स कैलिस और शॉन पोलॉक जैसे स्टार्स ने अहम भूमिका निभाई। यह दक्षिण अफ्रीका की भारत में इकलौती सफलता है।

दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर भारत का संघर्ष

विदेशी धरती पर कहानी बिल्कुल उलट है। दक्षिण अफ्रीका की तेज उछाल वाली पिचें, स्विंग और सीम मूवमेंट भारतीय बल्लेबाजों के लिए हमेशा कठिन साबित हुई हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका में कुल नौ टेस्ट सीरीज खेली हैं। जिसमें से सात अफ्रीका ने जीतीं हैं और दो सीरीज ड्रा पर खत्म हुई हैं। भारत अभी तक दक्षिण अफ्रीका की धरती पर एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया है। यह 'फाइनल फ्रंटियर' भारतीय क्रिकेट के लिए लंबे समय से एक बड़ा चुनौती बना हुआ है। पिछली बार भारत ने छह साल पहले 2019 में दक्षिण अफ्रीका को किसी टेस्ट सीरीज में हराया था। यह सीरीज भारत में खेली गई थी। दक्षिण अफ्रीका में भारत की सबसे करीबी कोशिश 2010-11 और 2021-22 में रही, जहां सीरीज ड्रॉ या करीबी हार हुई।

न्यूजीलैंड हार का सबक

न्यूजीलैंड ने पिछले साल भारत का किला भेदा था और करीब 12 साल बाद भारत ने घर पर टेस्ट सीरीज हारी थी। पिछले साल टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में 3-0 से करारी हार मिली थी। स्पिन-फ्रेंडली पिचें ही भारत की हार का बड़ा कारण बनीं, जहां न्यूजीलैंड के स्पिनर मिचेल सैंटनर ने कमाल दिखाया। यह हार भारतीय फैंस के लिए अब तक ताजा घाव है और टीम को सावधानी बरतने की याद दिलाती है। दक्षिण अफ्रीका की मौजूदा टीम में भी कगीसो रबाडा, मार्को जानसेन जैसे तेज गेंदबाज और एडेन मार्करम जैसे बल्लेबाज हैं, जो किसी भी पिच पर खतरा पैदा कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें

IND vs SA टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों में तीन अफ्रीकी, पांचवां नाम चौंकाने वाला

Updated on:
11 Nov 2025 03:08 pm
Published on:
11 Nov 2025 03:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर