क्रिकेट

PSL को मिली आजादी, PCB ने किया बड़ा बदलाव, घरेलू क्रिकेट के लिए बढ़ाया बजट

PCB on Pakistan Super League: लाहौर में हुई PCB बोर्ड की मीटिंग में बड़ा फैसला लिया गया। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) अब स्वतंत्र रूप से काम करेगी। घरेलू क्रिकेट का बजट 4 अरब रुपये किया गया और कराची के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम के विकास के लिए 6.7 अरब रुपये मंजूर हुए।
2 min read
Jun 29, 2026
PSL News, Pakistan Super League, PCB News, Mohsin Naqvi, PSL Budget 2027,
PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी (Photo - IANS)

PCB on Pakistan Super League: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब PSL अपने एडमिनिस्ट्रेशन (प्रशासन) और फाइनेंसियल (वित्तीय) मामलों को खुद संभालेगी। यह फैसला सोमवार को लाहौर में हुई PCB बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BoG) की 84वीं मीटिंग में लिया गया। मीटिंग PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने की। साल 2016 में शुरू हुई PSL अब तक सीधे PCB के नियंत्रण में चल रही थी।

मीटिंग में PSL के 12वें सीजन का बजट भी मंजूर किया गया। साथ ही 2026-27 फाइनेंसियल साल के अधिक बजट को भी मंजूरी मिली। बोर्ड ने नए बजट की पूरी फाइनेंसियल जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। पिछले दो सीजन की ऑडिट रिपोर्ट भी अभी जारी नहीं की गई है।

बढ़ी खिलाड़ियों की मैच फीस

PCB के मुख्य फाइनेंस ऑफिसर जावेद मुर्तजा ने बोर्ड के सामने फाइनेंसियल स्थिति और नए बजट की जानकारी रखी। मीटिंग में घरेलू क्रिकेट के लिए बड़ा फैसला लिया गया। घरेलू क्रिकेट का बजट 3 अरब रुपये से बढ़ाकर 4 अरब रुपये कर दिया गया। खिलाड़ियों की मैच फीस में भी बड़ी बढ़ोतरी की गई है। कायद-ए-आजम ट्रॉफी खेलने वाले खिलाड़ियों को अब हर एक मैच के 1 लाख रुपये मिलेंगे। पहले यह राशि 30 हजार रुपये थी। रिजर्व खिलाड़ियों की फीस भी 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है।

क्रिकेट स्टेडियम में होगा सुधार

बोर्ड ने पाकिस्तान विमेंस वनडे और टी20 टूर्नामेंट के आयोजन के लिए भी फंड मंजूर किया। इसके अलावा 12 नए क्रिकेट मैदानों को काम में लाने, ह्यूमन रिसोर्स (मानव संसाधन) को मजबूत करने और रीजनल ग्राउंड स्टाफ का कम से कम वेतन 42 हजार रुपये तय करने का फैसला लिया गया।

मीटिंग में क्रिकेट ढांचे को बेहतर बनाने के लिए भी बड़ा बजट मंजूर किया गया। कराची के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम समेत दूसरे स्टेडियमों के विकास और निजी सुविधाएं बढ़ाने के लिए 6.70 अरब रुपये मंजूर किए गए। PCB का मानना है कि इन फैसलों से पाकिस्तान में घरेलू क्रिकेट और PSL दोनों को लंबे समय तक मजबूती मिलेगी।