क्रिकेट

विराट कोहली के निशाने पर आज डेविड वॉर्नर का बड़ा रिकॉर्ड, लेकिन सुनील नरेन से पाना होगा पार

Virat Kohli record against KKR: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्‍टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले में आरसीबी के स्‍टार विराट कोहली के निशाने पर डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड होगा। केकेआर के खिलाफ आज 73 रन बनाते ही वह आईपीएल के इस रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
2 min read
May 13, 2026
Virat Kohli record in IPL final
विराट कोहली। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/IPL)

Virat Kohli record against KKR: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्‍टार खिलाड़ी विराट कोहली आईपीएल 2026 में दो बार लगातार जीरो पर आउट होने के बाद आज 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपनी फॉर्म पाने को बेताब होंगे। केकेआर एक ऐसी टीम है, जिसके खिलाफ वह 1000 से ज्‍यादा रन बना चुके हैं और आज उनके निशाने पर ऑस्‍ट्रेलिया स्‍टार ओपनर रहे डेविड वॉर्नर का एक बड़ा रिकॉर्ड होगा। लेकिन, इससे पहले उनके सामने दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन का सामना करने की एक बड़ी चुनौती होगी। अब ये देखना दिलचस्‍प होगा कि कोहली इस बाधा को पार करते हुए वॉर्नर का रिकॉर्ड कैसे तोड़ पाते हैं।

आरसीबी के फैंस को कोहली से आज बड़ी उम्‍मीदें

विराट ने भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया हो, लेकिन इस आईपीएल सीजन में उनका सफर काफी मजेदार रहा है। उन्होंने पावरप्ले में बेहद आक्रामक रवैया दिखाया है। लगातार दो गोल्‍डन डक के बाद आरसीबी के फैंस को उनसे बड़ी उम्‍मीदें हैं, क्‍योंकि केकेआर के खिलाफ उनका बल्‍ला खूब चला है।

केकेआर के खिलाफ 1021 रन बना चुके कोहली

37 साल के विराट का तीन बार की चैंपियन केकेआर के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। उन्होंने 36 मैचों और 33 पारियों में 39.26 के औसत और 132.94 के स्ट्राइक रेट से कुल 1021 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। नाइट राइडर्स के खिलाफ अपनी पिछली पांच पारियों में उन्होंने तीन अर्धशतक बनाए हैं, जिनमें 21, 54, 83, 18 और 59 के स्कोर शामिल हैं।

आज निशाने पर डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड

आईपीएल के इतिहास में केकेआर के खिलाफ सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले प्‍लेयर्स की बात करें तो रोहित शर्मा सबसे आगे रहे हैं। उन्‍होंने इस टीम के खिलाफ 36 मैचों की 36 पारियों में 40 से ज्‍यादा के औसत से कुल 1161 रन बनाए हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर ऑस्‍ट्रेलिया पूर्व खिलाड़ी डेविड वॉर्नर हैं, जिन्‍होंने केकेआर के खिलाफ 28 मैचों की 28 पारियों में 43 से ज्‍यादा के औसत से कुल 1093 रन बनाए हैं। विराट कोहली अगर आज 73 रन बनाते ही वॉर्नर के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।

सुनील नरेन सबसे बड़ी चुनौती

आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे कर चुके सुनील नरेन इस मैच में विराट के लिए सबसे बड़ी चुनौती होंगे। नरेन ने 21 पारियों में से चार बार कोहली को आउट किया है। उन्होंने विराट के रनों की रफ्तार रोकने में भी कामयाबी हासिल की है। विराट ने उनके खिलाफ़ 168 गेंदों पर महज 101 के स्‍ट्राइक रेट से 171 रन बनाए हैं। इन रनों में 12 चौके, दो छक्के और 57 डॉट बॉल शामिल हैं।

Published on:
13 May 2026 02:05 pm